खबर का असर; केशामुड़ी स्कूल में फिर सुनाई देने लगी क, ख, ग, घ की गूंज

भोपालपटनम। बीजापुर जिले के भैरमगढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत केशकुतुल के आश्रित ग्राम केशामुड़ी की प्राथमिक शाला में आखिरकार फिर से बच्चों की पढ़ाई शुरू हो गई है। बीते माह 16 जून से बंद पड़ी यह शाला अब खुल चुकी है और शिक्षक की नियुक्ति भी कर दी गई है। स्कूल में अब क, ख, ग, घ और दो एकम दो, दो दूनी चार की गूंज फिर से सुनाई देने लगी है।
इस पूरे मामले में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाई हमारे समाचार पत्र ने। इस समाचार पत्र में प्रकाशित खबर ने असर दिखाया और स्कूल में शिक्षक की नियुक्ति कर दी गई है। अख़बार में प्रकाशित समाचार ने शासन-प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया और इसके तुरंत बाद 25 जुलाई को शिक्षक की नियुक्ति कर दी गई। गांव के वार्ड क्रमांक 7 के पंच सुखराम कवासी ने इस आशय की जानकारी देते हुए कहा कि आपके द्वारा प्रकाशित समाचार से शासन हरकत में आया और स्कूल को पुनः प्रारंभ कर दिया गया है। अब हमारे बच्चों ने फिर से पढ़ाई शुरू कर दी है। इसके लिए हम ग्रामवासियों की ओर से समाचार पत्र को और आपको हृदय से धन्यवाद देते हैं। स्थानीय लोगों में इस निर्णय को लेकर खुशी की लहर है। लंबे समय से शिक्षा से वंचित हो रहे बच्चों को अब फिर से शिक्षा का अधिकार मिल सका है। यह उदाहरण साबित करता है कि मीडिया की सकारात्मक भूमिका समाज के सबसे अंतिम छोर तक असर डाल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *