संविदा से नियमितीकरण की राह मजबूत — पहली बार पक्ष की सरकार से मिला लिखित समर्थन

रायपुर :- छत्तीसगढ़ स्वामी आत्मानंद संविदा शिक्षक एवं कर्मचारी संघ द्वारा चलाए जा रहे दो सूत्रीय मांगों के आंदोलन को लेकर एक ऐतिहासिक सफलता सामने आई है। हाल ही में विधानसभा अध्यक्ष माननीय डॉ. रमन सिंह जी द्वारा लोक शिक्षण संचालनालय को एक पत्र प्रेषित किया गया है, जिसमें संघ की मांगों पर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं।

यह उपलब्धि संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री दुर्योधन यादव जी के नेतृत्व और संरक्षक श्री तापस राय जी के मार्गदर्शन में सभी जिलों, संभागों एवं प्रांत स्तरीय पदाधिकारियों के सतत प्रयास, शांतिपूर्ण रणनीति और धैर्यपूर्ण संवाद का परिणाम है। आंदोलन स्थगन के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि संघ का उद्देश्य केवल प्रदर्शन नहीं, समाधान प्राप्त करना है।

संघ के प्रतिनिधियों ने आंदोलन स्थगन के दूसरे ही दिन माननीय डी.पी.आई., विधानसभा अध्यक्ष और मंत्रियों से मुलाकात की, जिसके प्रत्यक्ष परिणामस्वरूप यह पत्र सामने आया है — जो पहली बार किसी पक्ष की सरकार द्वारा संविदा शिक्षकों की मांगों के समर्थन में जारी किया गया लिखित प्रमाण है।

संघ ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन को स्थगित करना कोई पीछे हटना नहीं था, बल्कि यह एक रणनीतिक निर्णय था, ताकि बातचीत और वैधानिक मार्ग से समाधान तक पहुँचा जा सके। यह पत्र उसी सोच की सफलता का प्रमाण है।

संगठन ने सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों से अपील की है कि वे निराश न हों, बल्कि पहले से अधिक संकल्प और भरोसे के साथ संगठन से जुड़ें और अपनी सदस्यता प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करें। यह लड़ाई अब निर्णायक मोड़ पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *