बीईओ दास, एबीईओ गुप्ता ने दी स्कूलों में दस्तक
जगदलपुर। जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल की सक्रियता, शिक्षा के प्रति समर्पण भावना और जुझारू प्रवृत्ति का प्रभाव अब मैदानी अधिकारियों पर भी नजर आने लगा है। अपने सीनियर के नक्शे कदम पर चलते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी और सहायक खंड शिक्षा अधिकारी भी लगातार गांव गांव जाकर स्कूलों का जायजा लेने लगे हैं।
इसी क्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी अनिल दास एवं सहायक खंड शिक्षा अधिकारी राजेश गुप्ता ने संकुल केंद्र तिरिया के अंतर्गत प्राथमिक शाला कालागुड़ा, माध्यमिक शाला कालागुड़ा, प्राथमिक शाला तिरिया, माध्यमिक विद्यालय तिरिया, और आश्रम शाला तिरिया का आकस्मिक निरीक्षण अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान श्री दास एवं श्री गुप्ता ने संस्था प्रमुखों एवं शिक्षकों को शिक्षा गुणवत्ता, विद्यार्थियों की शत प्रतिशत उपस्थिति और पर अन्य विषयों पर विस्तार से निर्देश दिए। दोनों अधिकारी टीचर की भूमिका में भी नजर आए। उन्होंने क्लास रूम में जाकर बच्चों को गणित विषय का अध्ययन कराया और विषय आधारित तथा सामान्य ज्ञान के सवाल पूछे। अच्छा जवाब देने वाले बच्चों को शाबासी दी। बीईओ श्री दास और एबीईओ श्री गुप्ता ने शिक्षकों की डेली डायरी का भी अवलोकन किया। राज्य शासन के द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों का पालन करने, पुस्तक विवरण, मासिक परीक्षा की तैयारी, मध्यान भोजन की गुणवत्ता, और शाला परिसर की साफ सफाई के भी निर्देश दिए।ज्ञात हो कि संयुक्त संचालक और डीईओ भी आजकल निरंतर स्कूलों का निरीक्षण कर रहे हैं। अब ब्लॉक स्तर के अधिकारी भी निरीक्षण हेतु जा रहे हैं। जिससे वहां के शिक्षक भी अलर्ट मोड पर हैं। इससे पढ़ाई की गुणवत्ता में अच्छी खासी वृद्धि देखने को मिल रही है।
