बस्तर जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 79वां स्वतंत्रता दिवस
जगदलपुर। बस्तर जिले में 79वां स्वतंत्रता दिवस गरिमामय और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम जगदलपुर के लालबाग परेड मैदान में आयोजित किया गया, जहां मुख्य अतिथि केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली।
कार्यक्रम में स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का जनता के नाम जारी संदेश का वाचन किया गया। मंत्री श्री साहू ने परम्परा के अनुसार शहीद परिवारों और भूतपूर्व सैनिकों से भी मुलाकात की। इस दौरान मंच पर कमिश्नर डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी., कलेक्टर हरिस एस, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा उपस्थित थे। स्वतंत्रता की 79वीं वर्षगांठ के अवसर पर परेड कमांडर उप पुलिस अधीक्षक संगम राम और परेड टू आईसी निरीक्षक गणेश राम यादव के नेतृत्व में 15 प्लाटूनों ने बैंड की धुन पर आकर्षक मार्च पास्ट किया। शस्त्र रहित मार्चपास्ट में वन विद्यालय जगदलपुर को प्रथम, एनसीसी 9 वीं कंपनी सेजेस धरमपुरा की प्लाटून को द्वितीय पुरस्कार, तथा एनसीसी 10वीं कंपनी जगतू माहरा हॉयर सेकंडरी स्कूल जगदलपुर की प्लाटून को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं शस्त्र सहित मार्चपास्ट में सीआरपीएफ 80वीं बटालियन जगदलपुर को प्रथम, सीआरपीएफ की सेड़वा स्थित 241 बस्तरिया बटालियन (महिला) की प्लाटून को द्वितीय स्थान और जिला पुलिस बल महिला को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इस अवसर पर नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों से भेंटकर मुख्य अतिथि द्वारा शाल-श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। स्कूली बच्चों के द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और व्यायाम प्रदर्शन किया गया। जिसमें हायर सेकंडरी स्कूल तितिरगांव के बच्चों की प्रस्तुति को सराहते हुए प्रथम पुरस्कार, विद्या ज्योति स्कूल की प्रस्तुति को द्वितीय पुरस्कार और सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल कंगोली की प्रस्तुति को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ बेवरेज कॉर्पोरेशन अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी, महापौर संजय पांडेय, मुख्य वन संरक्षक आरसी दुग्गा, सीसीएफ वन्यप्राणी स्टायलो मंडावी, कमांडेंट 5वीं बटालियन जितेंद्र शुक्ला, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, वन मंडलाधिकारी उत्तम कुमार गुप्ता, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, अपर कलेक्टर ऋषिकेश तिवारी, आयुक्त नगर निगम प्रवीण वर्मा और अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
