नक्सलगढ़ के सुरक्षा कैंपों में शान से लहराया तिरंगा
जगदलपुर। बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के अंदरूनी एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में स्थापित नए सुरक्षा बल कैंपों एवं थानों में 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस अवसर पर ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों एवं सुरक्षा बल के अधिकारियों- कर्मचारियों ने मिलकर तिरंगा फहराया।
बीजापुर जिले में नव स्थापित सुरक्षा कैंप कोण्डापल्ली, वाटेवागु, जिडपल्ली-1 , जिड़पल्ली-2, काउरगट्टा, कोरचोली, पीड़िया, पुजारी कांकेर, गुंजेपर्ती, गोरना, भीमाराम एवं गुटुमपल्ली में ग्रामीण, स्कूली बच्चें एवं सुरक्षा बलों ने मिलकर ध्वाजारोहण किया। नक्सल दहशत के साए में रहने वाले इन इलाकों में ग्रामीणों व बच्चों ने बेखौफ होकर सुरक्षा बलों के साथ तिरंगा यात्रा निकाली। भारत माता की जय एवं वंदे मातरम के नारों से समूचा क्षेत्र गूंज उठा। बच्चों ने विशेष उत्साह के साथ देशभक्ति के गीत गाए एवं नारे लगाए ।

कैंप स्थापना से विकास को गति
15 अगस्त 2024 के बाद से बीजापुर जिले में 12 नए सुरक्षा कैंप स्थापित किए गए हैं। कैंप स्थापना के बाद से क्षेत्र मे सड़क, बिजली, पानी, संचार, राशन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है, जिससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में तेजी से सुधार आया है। ग्रामीणों में खुशहाली आ रही है।
सामूहिक भोज का हुआ आयोजन
ध्वजारोहण उपरांत सभी उपस्थित ग्रामीणों और बच्चों को मिष्ठान वितरित किया गया तथा सामूहिक भोज का आयोजन कर राष्ट्रीय पर्व का उल्लास साझा किया गया।
