कोसमी में सरपंच नीलम कश्यप ने फहराया तिरंगा

बकावंड। जनपंद पंचायत बकावंड की ग्राम पंचायत कोसमी में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। ग्राम के युवा सरपंच नीलम कश्यप ने पंचायत भवन परिसर में सुबह ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
इस अवसर पर ग्रामवासियों, पंचायत प्रतिनिधियों, महिला स्व सहायता समूह की सदस्याओं, युवाओं और बच्चों की उपस्थिति रही।ध्वजारोहण के बाद सरपंच नीलम कश्यप ने ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि यह हमारे कर्तव्यों और जिम्मेदारियों की याद दिलाने का शुभ दिन भी है। उन्होंने कहा कि आज़ादी हमें अनेक स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से मिली है और इसे बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने गाँव में एकता, स्वच्छता, शिक्षा और विकास के लिए सभी को मिलकर काम करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बच्चों द्वारा देशभक्ति गीत और कविता प्रस्तुत की गईं। इसके बाद सरपंच नीलम कश्यप कोसमी हाई स्कूल पहुंचे और वहां भी ध्वजारोहण किया। स्कूल परिसर में बच्चों ने मार्चपास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। अपने संबोधन में सरपंच नीलम कश्यप ने विद्यार्थियों को शिक्षा का महत्व समझाते हुए कहा कि आप देश का भविष्य हैं। मेहनत, अनुशासन तथा ईमानदारी से ही अपने जीवन में सफलता पा सकते हैं। उन्होंने छात्रों से अपने गांव और देश के हितों के लिए सकारात्मक योगदान देने का संकल्प लेने की अपील की। हाई स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक, शिक्षक शिक्षिकाएं, छात्र- छात्राएं और अभिभावक बड़ी संख्या में मौजूद थे। विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े प्रसंगों पर भाषण और नाटक प्रस्तुत किए, जिससे सभी उपस्थित लोगों में देशभक्ति की भावना जागृत हुई। पंचायत भवन और हाई स्कूल दोनों जगहों के कार्यक्रमों में तिरंगे की शान और देशभक्ति के जोश ने माहौल को गौरवपूर्ण बना दिया। अंत में सरपंच नीलम कश्यप ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया और ग्रामवासियों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने स्तर पर गांव की तरक्की में भागीदार बनें। कोसमी में स्वतंत्रता दिवस का यह समारोह इस बार खास इसलिए भी रहा क्योंकि पंचायत भवन और स्कूल दोनों जगह युवा सरपंच ने ध्वजारोहण कर ग्रामीणों और विद्यार्थियों को नई ऊर्जा और प्रेरणा दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *