अतिवृष्टि: बकावंड के डुरकाटोंगा पार में प्रशासन ने पहुंचाई राहत, ग्रामीणों को दिए राशन, कंबल और कपड़े

बकावंड। हाल ही में बस्तर में हुई भारी बारिश से बकावंड विकासखंड के ग्राम पंचायत छिदीगांव-2 के आश्रित पारा डुरकाटोंगा पार भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। पानी भरने से कई घरों और दैनिक जीवन पर गहरा असर पड़ा है। इस बीच जिला प्रशासन ने तत्काल राहत पहुंचाते हुए सहायता शिविर लगाकर प्रभावित परिवारों को राशन सामग्री, कंबल और कपड़े वितरित किए।

राहत शिविर का आयोजन जनपद पंचायत अध्यक्ष सोनबारी भद्रे की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष तरुण कुमार पांडे और जनपद सीईओ पारेश्वर कुर्रे भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर न केवल सामग्री वितरण किया, बल्कि ग्रामीणों से उनकी समस्याओं की जानकारी भी ली और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत छिंदीगांव-2 के डुरकाटोंगा पार में तत्काल शिविर लगाया गया। इस दौरान पानी का छिड़काव, साफ-सफाई और हैंडपंप की मरम्मत कर ग्रामीणों को राहत पहुंचाई गई। ग्रामीणों ने राहत सामग्री और शिविर की व्यवस्था मिलने पर संतोष जताया और प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि मुश्किल समय में यह सहयोग उनके लिए बड़ी मदद साबित हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *