कबीर पंथ सम्प्रदाय ने किया गुरुजनों का सम्मान
जगदलपुर।बस्तर ब्लॉक के अंतिम छोर पर स्थित ग्राम पखना कोंगेरा में पिछले वर्षों की भांति इस वर्ष भी शनिवार को कबीर पंथ अनुयायियों के संत सत्संग चबूतरा पर सद्गुरु कबीर धनी धर्मदास वंशावली अभियान के संत प्रतिनिधियों द्वारा पूर्व राष्ट्रपति, भारत रत्न सर्वपल्ली डॉ राधाकृष्णन के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर कबीर पंथ अनुयायियों एवं शिक्षक, शिक्षिकाओं ने पूर्व राष्ट्रपति सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन एवं सद्गुरु कबीर धनी धर्मदास साहेब के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। शिक्षक सम्मान समारोह में शामिल सेवानिवृत्त शिक्षक राजकमल ठाकुर, शंभूनाथ ध्रुव, पूरनसिंह कश्यप एवं तुलसीराम बघेल सहित संकुल केंद्र पखनाकोंगेरा व संकुल केंद्र सालेमेटा के अंतर्गत शासन द्वारा संचालित समस्त प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल तथा हायर सेकंडरी स्कूलों से पहुंचे शिक्षक, शिक्षिकाओं को चंदन तिलक लगाकर उन्हें और फूलमालाएं पहनाकर चरण स्पर्श करके अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में शामिल शिक्षक पद से स्वैच्छिक सेवानिवृत्त पूर्व विधायक चंदन कश्यप, समाजसेवी अचल बाजपेई, कबीर पंथ क्षेत्रीय महंत बुदरुदास, महंत लक्ष्मीकांत, महंत गिरधरदास, महंत विद्याधर दास तथा केडीव्ही मिशन छत्तीसगढ़ राज्य के सह युवा प्रतिनिधि अर्जुन प्रधान का आयोजकों द्वारा स्वागत अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में सद्गुरु कबीर धनीधर्मदास वंशावली अभियान जिला बस्तर के जिला प्रतिनिधि श्याम दीवान कबीर पंथी ने उपस्थित शिक्षक, शिक्षिकाओं एवं संतजनों को संबोधित करते हुए कहा कि आदि काल से ही शिष्यों द्वारा अपने गुरुजनों का तन-मन-धन से समर्पित होकर सम्मानित करने की परंपरा रही है। शिक्षकों द्वारा अपने शिष्यों को अक्षर ज्ञान से लेकर मानसिक विकास करते हुए चरित्र निर्माण, मार्गदर्शन व प्रेरणा के साथ नैतिक मूल्यों को समझाते हुए सामाजिक जिम्मेदारी का बोध कराया जाता है। कबीर पंथ में तो कबीर पंथ अनुयायियों द्वारा गुरु को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गुरु के मार्गदर्शन में सात्विकता से रहन-सहन, खान-पान व जीवनोपयोगी दिनचर्या का पालन करते हुए सत्य सनातन, मानवीय सद्भावना से विनम्रतापूर्वक प्रेम से समरसता को महत्व देते हैं। कबीर पंथ अनुयायियों आध्यात्मिक गुरु नवोदित वंशाचार्य उदितमुनी नाम साहेब द्वारा स्थापित सद्गुरु कबीर धनिधर्मदास वंशावली मिशन के माध्यम से समस्त प्राणियों पर समभाव रखते हुए दया, करुणा, विश्वास के साथ सदाचार की राह पर चलते हुए भारतीय संस्कृति, मानवीय जीवन मूल्यों के अनुसार सभी के साथ सद् व्यवहार करना है। चारों शिक्षकों को कबीर पंथ के आयोजक अर्जुन प्रधान, श्याम दीवान, रतनूदास, पवनदास, तुलेशदास, सरोवर दास, महंत लक्ष्मीकांत, बुदरुदास, गिरधरदास गणेश दास, बिधियाधर दास पूनमदास, अनिलदास, श्रीमती हीरामनी आदि द्वारा शाल ओढ़ाकर नारियल,पेन एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही संकुल केंद्र सालेमेटा एवं पखनाकोंगेरा संकुल से उपस्थित सभी 48 शिक्षक शिक्षिकाओं को प्रशस्ति पत्र, पेन देकर सम्मानित किया गया। शिक्षक सम्मान समारोह में शामिल शिक्षक – शिक्षिकाओं, कबीर पंथ अनुयायियों को क्षेत्र के समाजसेवी अचल बाजपेई द्वारा बधाई एवं शुभकामनाएं दी और धन्यवाद ज्ञापित किया।
