कुशासन की सरकार की नाकामियों को ढंक रहे हैं पूर्व मंत्री गागड़ा: युकां नेता जगदेव यादव

जगदलपुर। पूर्व वनमंत्री महेश गागड़ा द्वारा अपने कार्यकर्ताओं के साथ फावड़ा तगाड़ी लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग 63 के गड्डों को भरे जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजापुर जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष जगदेव यादव ने कहा है कि पूर्व मंत्री अपनी सरकार की नाकामियों को छुपाने के लिए स्वयं गड्डों को भरने निकले थे। इस दौरान संबंधित विभाग के एक भी कर्मचारियों का उपस्थित नहीं रहना सरकार की विफलताओं को दर्शाता है।
युवा कांग्रेस नेता जगदेव यादव ने चुटकी लेते हुए आगे कहा कि भाजपा की कुशासन सरकार अपने ही नेताओं और कार्यकर्ताओं की नहीं सुन रही है, जिससे नाराज उनके बड़े नेता सड़क पर उतर कर अपनी नाराजगी प्रदर्शित करने का प्रयास कर रहे हैं। यादव ने आगे कहा कि आए दिन भाजपा के बड़े नेता गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से लेकर मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप जैसे दिग्गज नेता बस्तर का दौरा कर जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास का ढिढोरा पीटते नहीं थकते। मगर उनकी सारी योजनाएं विकास के बड़े बड़े दावे और वादे धरे के धरे रह जाते हैं। भाजपा की सरकार से आम जनता तो नाराज है ही अब भाजपा के बड़े नेता भी नाराज और निराश होने लगे हैं। जिसका उदाहरण पूर्व गृहमंत्री ननकी राम कंवर द्वारा मुख्यमंत्री निवास के सामने धरना देने का प्रयास करना और अब पूर्व वनमंत्री गागड़ा द्वारा फावड़ा तगाड़ी लेकर अपने कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर गड्डे पाटने काम करना है। जगदेव यादव ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के चलते बस्तर की शिक्षा व्यवस्था की स्थिति काफ़ी खराब व दयनीय हो चुकी है। आएदिन आदिवासी छात्र किसी न किसी घटना के शिकार हो रहे हैं। वहीं आश्रम पोटा केबिनों में बच्चों के लिए आने वाली राशि का खुलकर गबन किए जाने के मामले भी लगातार सामने आ रहे हैं। इसी तरह बस्तर की स्वास्थ्य व्यवस्था भी पूरी तरह से चरमरा गई है, स्वास्थ्य केंद्रों में अव्यवस्था के साथ साथ कर्मचारियों की कमी से मरीज परेशानियों का सामना कर रहे हैं। श्री यादव ने पूर्व मंत्री महेश गागड़ा को इस बात के लिए धन्यवाद दिया है कि उन्होंने अपनी ही सरकार की नाकामियों को उजागर करने का प्रयास किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *