नक्सलियों ने की सक्रिय भाजपा कार्यकर्ता सत्यम पुनेम की हत्या

जगदलपुर। मार्च 2026 तक नक्सल समस्या के समूल नाश के संकल्प से बौखलाए नक्सली अब आम ग्रामीणों और राजनैतिक कार्यकर्ताओं की हत्या की वारदातें करने लगे हैं। बस्तर संभाग के बीजापुर जिला अंतर्गत उसूर ब्लाक के मुंजाल कांकेर निवासी भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता सत्यम पुनेम की आधी रात हत्या कर दी गई। नक्सलियों ने सत्यम पुनेम को घर से निकाला और कुछ दूर ले जाकर रस्सी से उसका गला घोंट दिया।

नक्सलियों ने घटना स्थल के पास पर्चा भी छोड़ा है। नक्सल संगठन मद्देड़ एरिया कमेटी द्वारा छोड़े गए इस पर्चे में सत्यम पुनेम पर पुलिस के लिए मुखबिरी करने, गांव और नकासलियों की गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने के आरोप लगाए गए हैं। मद्देड़ एरिया कमेटी के द्वारा इस हत्या की जिम्मेदारी ली गई है। पर्चे के अनुसार माओवादियों द्वारा भाजपा कार्यकर्ता सत्यम पुनेम को कई बार चेतावनी देने के बाद भी सुधार न होने पर उसे मौत की सजा दी गई है। सूत्रों ने बताया कि हत्या भाजपा कार्यकर्ता के गांव मुंजाल कांकेर में हुई है। जहां 10-15 नक्सलियों ने सत्यम को घर के बाहर निकाला और कुछ दूर ले जाकर रस्सी से उसका गला घोट दिया।घटना की पुष्टि बीजापुर पुलिस ने भी की है। मामला उसूर के इलमिडी थाना क्षेत्र का है। घटना थाना से 6-7 किमी के दूरी पर हुई है। इलमिडी थाने में सूचना परिजनों द्वारा दी गई है। पुलिस घटनास्थल के लिए रवाना हो चुकी है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव, मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर महापौर संजय पाण्डेय और बीजापुर के वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारियों ने इस घटना की निंदा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *