एक ही तो दिल है, कितनी बार जीतोगे मेयर साहब!



-अर्जुन झा-
जगदलपुर। शहर के प्रथम नागरिक महापौर संजय पांडेय आज सुबह पुराने बस स्टैंड पर चाय पीने और अपने निगम क्षेत्र के लोगों से चर्चा करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद लोगों से जन समस्याओं की जानकारी ली और निगम प्रशासन से लोगों की अपेक्षाओं तथा नगर निगम के आगामी बजट को लेकर सुझाव मांगे। महापौर की मिलनसारिता, जनहित के प्रति उनके समर्पण और जनता से जुड़ाव से उपस्थित नागरिक काफी प्रभावित नजर आए।
यह पहला मौका नहीं है, जब महापौर संजय पाण्डेय अचानक एक आम नागरिक की तरह लोगों के बीच पहुंचे हों, वे अक्सर कहीं भी, कभी भी अचानक लोगों के बीच पहुंच जाते हैं और उनसे घुल मिलकर बातें करते हैं, उनका सुख दुख पूछते हैं और उनके क्षेत्रों तथा वार्डों की समस्याओं की जानकारी लेकर उन समस्याओं के निराकरण का प्रयास करते हैं। चुनाव के पूर्व भी अक्सर महापौर संजय पाण्डेय बस स्टैंड पहुंच कर कर लोगों की समस्याओं से रूबरू होते थे। महापौर चुने जाने के बाद बेहद व्यस्तताओं के बावजूद महापौर संजय पाण्डेय बस स्टैंड, संजय मार्केट, सिरहासार चौक, गोल बाजार, सदर लाइन जैसे व्यस्त इलाकों में पहुंच कर लोगों से आत्मीयता पूर्वक मिलते रहे हैं। महापौर हमेशा से कहते आए हैं कि शहर का हर व्यक्ति उनका अपना है, परिवारिक सदस्य है, उनका सुख दुख मेरा सुख दुख है। संजय पाण्डेय की इसी भावना ने उन्हें शहर का प्रथम नागरिक बनाया है। शहर और शहर की धरोहरों को स्वच्छ एवं रमणीय बनाने की संजय पाण्डेय की जिद ने तो लोगों का दिल ही जीत लिया है। कभी वे खुद झाड़ू, कनस्तर लेकर चौक चौराहों की सफाई करते नजर आते हैं, तो कभी दुकान दुकान और घर घर जाकर लोगों को गीला एवं सूखा कचरा अलग अलग डस्टबिन में रखने की अपील करते और खुद कचरा उठाकर निगम के कचरा वाहन में डालते दिख जाते हैं। जगदलपुर की शान दलपत सागर जलाशय को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए मेयर श्री पाण्डेय ने जो मुहिम छेड़ रखी है, उसकी अकेले जगदलपुर में ही नहीं, बल्कि पूरे बस्तर संभाग और छत्तीसगढ़ के कई शहरों में भी बड़ी चर्चा हो रही है।आगामी दिनों में नगर निगम का बजट पेश होने वाला है। कुछ दिनों पूर्व ही मेयर श्री पाण्डेय ने निगम के बजट को लेकर लोगों से अपने अपने विचार और सुझाव साझा रखने की अपील की थी, जिससे आम लोग भी निगम के बजट में सहयोगी बन सकें और जन भावना के अनुरूप बजट तैयार किया जा सके। आज भी श्री पाण्डेय ने उपस्थित लोगों से समस्याओं के बारे में सुझाव मांगे। लोगों ने मेयर के साथ विचार साझा किए। महापौर संजय पांडेय ने बताया कि हमारी प्राथमिकता है कि लोगों को हर मूलभूत सुविधा मिले और जनहित के कार्यों के लिए नगर निगम का अमला हमेशा मुस्तैद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *