नक्सलवाद के उन्मूलन में कांग्रेस ने भी दी हैं बड़ी आहूतियां: दीपक बैज



जगदलपुर। बस्तर के नक्सल मुक्त होने, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राज्य के मंत्रियों के बयानों पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा है कि बस्तर में नक्सलवाद के खात्मे की बुनियाद कांग्रेस सरकार ने रखी थी। हमारी सरकार ने नक्सलियों को पीछे हटने मजबूर किया। सुदूर जंगलों के गांवों में पुलिस और सुरक्षा बलों के कैंप स्थापित करवाए, गांवों के विकास का मार्ग प्रशस्त किया। पहुंच विहीन गांवों में बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, चिकित्सा जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाई। भाजपा सरकार को एंटी नक्सल ऑपरेशन के लिए बना बनाया प्लेटफार्म मिल गया।पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि बस्तर को नक्सलवाद से मुक्ति यहां के लोगों, सुरक्षा बलों और कांग्रेस नेताओं के बलिदान की बदौलत मिली है। झीरम घाटी में हमने अपने बड़े नेताओं को खोया है। बस्तर टाइगर महेंद्र कर्मा जी नक्सलवाद से लड़ते लड़ते नक्सलियों के हाथों शहीद हुए। इतनी सारी कुर्बानियां कांग्रेस ने नक्सलवाद की लडाई में दी हैं। श्री बैज ने कहा कि झीरम घाटी, ताड़मेटला, रानी बोदली जैसी बड़ी नक्सली वारदातें भाजपा सरकारों के दौरान हुईं। दीपक बैज ने कहा कि नक्सल उन्मूलन को लेकर भाजपा स्तरहीन राजनीति कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *