विकास के नाम पर लूट!बीजापुर में भाजपा नेताओं का रेत खदानों पर अवैध कब्जे- विक्रम मंडावी

बीजापुर ;- बीजापुर के विधायक विक्रम मंडावी ने सोमवार को जिला मुख्यालय बीजापुर में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा की डबल इंजन सरकार के सत्ता में आने के बाद से बीजापुर जिले में खनिज संसाधनों, जल, जंगल और जमीन की व्यवस्थित लूट शुरू हो गई है।
विधायक विक्रम मंडावी ने प्रेस वार्ता में कहा, “दशकों तक नक्सलवाद ने बस्तर के आदिवासियों को विकास से वंचित रखा। अब जब नक्सल समस्या खत्म हो गई है, तो ‘विकास’ के नाम पर भाजपा नेताओं ने आदिवासी क्षेत्र की प्राकृतिक संपदा को निशाना बनाते हुए ग्रामीणों को डरा-धमकाकर भाजपा नेताओं के संरक्षण में उन पर कब्जा कर लिया है। गौण खनिज रेत का अवैध उत्खनन, भंडारण और अंतरराज्यीय परिवहन बीजापुर जिले में खुलेआम चल रहा है।”
विधायक विक्रम मंडावी ने आगे कहा कि भोपालपटनम ब्लॉक के तारलागुड़ा, भद्राकाली, अटुकपल्ली, चंदुर, तिमेड़ और भैरमगढ़ ब्लॉक के मिंगाचल तथा इंद्रावती नदी किनारे की विभिन्न पंचायतों के ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों से चर्चा के बाद ये तथ्य सामने आए हैं कि रेत के अवैध कारोबार में भाजपा के नेता और ठेकेदार सक्रिय हैं।
उन्होंने अपने प्रेस वार्ता में आगे कहा कि बीजापुर का कथित रेत ठेकेदार और भाजपा नेता बी. गौतम राव तथा भाजपा नेता टी. गोवर्धन के साथ मिलकर तिमेड रेत खदान पर कब्जा जमाए हुए हैं। वहीं पूर्व मंत्री महेश गागड़ा के सबसे करीबी बीजापुर के भाजपा नेता गोपाल सिंह पवार, भैरमगढ़ भाजपा मंडल अध्यक्ष चिन्ना तेलम और भाजपा कार्यकर्ता विज्जा तेलम ने मिंगाचल रेत खदान पर कब्जा कर रखा है। इन लोगों ने रेत बिक्री की राशि, जो पंचायत के खाते में जमा होनी थी, उसे गोपाल सिंह पवार ने अपने खाते में ट्रांसफर करा लिया है।


इसी प्रकार तारलागुड़ा के रेत खदान पर बस्तर सांसद के करीबी और वरिष्ठ भाजपा नेता अभिषेक ठाकुर ने कब्जा कर रखा है।
ये सभी भाजपा नेता अपनी राजनीतिक पहुंच का इस्तेमाल कर ग्राम पंचायतों पर दबाव डालते हुए, बिना किसी ग्राम सभा की सहमति और उचित कानूनी प्रक्रिया के रेत का अवैध उत्खनन कर रहे हैं। साथ ही वे स्थानीय लोगों को बढ़ी हुई कीमत पर रेत बेच रहे हैं और सीमावर्ती राज्यों तेलंगाना व महाराष्ट्र में अवैध परिवहन कर रहे हैं, जिससे सरकार और पंचायतों को मिलने वाला राजस्व चोरी हो रहा है।
विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि जिले के भाजपा नेता रेत के अवैध परिवहन के लिए एक रॉयल्टी पर्ची पर दर्जनों ट्रक रोजाना पड़ोसी राज्यों तेलंगाना और महाराष्ट्र में अवैध रूप से भेज रहे हैं। इससे सरकार और स्थानीय निकायों को मिलने वाली रॉयल्टी राशि की चोरी हो रही है तथा स्थानीय आदिवासी परिवारों को महंगी दर पर रेत खरीदनी पड़ रही है।
उन्होंने इसे जिला खनिज विभाग, प्रशासन और भाजपा नेताओं के बीच गहरी सांठ-गाँठ का प्रमाण बताया।
विधायक ने प्रेस वार्ता के माध्यम से सवाल किया:
“क्या भाजपा नेताओं द्वारा बेशकीमती रेत खदानों पर कब्जा करने वाले इन भाजपा नेताओं पर कानूनी कार्यवाही होगी या नहीं?
क्या मिंगाचल रेत खदान में पंचायत को मिलने वाली राशि को डरा-धमकाकर अपने खाते में ट्रांसफर कराने वाले पूर्व मंत्री के करीबी गोपाल सिंह पवार, चिन्ना तेलम और विज्जा तेलम के खिलाफ जांच कार्रवाई होगी या नहीं?”
विधायक विक्रम मंडावी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, जिला प्रशासन और खनिज विभाग से मांग की कि पूरे बीजापुर जिले में रेत के अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन पर तुरंत रोक लगाई जाए, पूरे मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी भाजपा नेताओं, ठेकेदारों तथा संलिप्त अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार और प्रशासन रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन पर तुरंत संज्ञान नहीं लेता, तो कांग्रेस पार्टी जनता के साथ मिलकर जिले में उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगी। इस पूरे मामले की जांच की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने कलेक्टर बीजापुर को ज्ञापन सौंपा है।
प्रेस वार्ता के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लालू राठौर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुड़ियम, बसंत राव ताटी, नीना रावतिया उद्दे, प्रवीण डोंगरे ज्योति कुमार, सोनू पोटाम, जगबंधु मांझी, पुरुषोत्तम खत्री, राजेश जैन, शेख रजिया, पुरुषोत्तम सल्लूर, दिनेश पुजारी, एजाज सिद्दीकी, वीरेंद्र सिंह ठाकुर, बाबू लाल राठी, लक्ष्मण कड़ती, बलराम कोरसा और कामेश मोरला सहित बड़ी संख्या कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *