छग स्वामी आत्मानंद संविदा शिक्षक एवं कर्मचारियों ने शिक्षा मंत्री से फिर लगाई गुहार



राजिम। राजिम में यादव ठेठवार महासभा द्वारा आयोजित वार्षिक अधिवेशन में छत्तीसगढ़ शासन के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव भी शामिल हुए। उनका समाज के लोगों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, प्रबुद्धजन एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
अधिवेशन के दौरान सामाजिक एकजुटता, शिक्षा के विस्तार एवं समाज के सर्वांगीण विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने समाज के उत्थान के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया तथा शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे परिवर्तनों पर भी चर्चा की। इस अवसर का लाभ उठाते हुए स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में कार्यरत संविदा शिक्षक एवं कर्मचारियों के प्रतिनिधि मंडल ने शिक्षा मंत्री श्री यादव को 12 सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से रखते हुए उनके शीघ्र निराकरण की मांग की। प्रतिनिधि मंडल ने अपेक्षा व्यक्त की कि शासन स्तर पर इन विषयों पर संवेदनशीलता के साथ विचार कर उचित निर्णय लिया जाएगा। कार्यक्रम में एसके यदु सेजेस बिरगांव, एनएल साहू सेजेस राजिम एवं ओमकार साहू हरिहर नवापारा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। अधिवेशन के समापन पर उपस्थित जनसमूह ने समाज की एकता को और सुदृढ़ करने तथा शिक्षा एवं सामाजिक विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *