कुरंदी में हुआ ग्रामीण बैंक के नवीनीकृत शाखा भवन का उद्घाटन
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक के कुरंदी शाखा के नवीनीकृत भवन परिसर का उद्घाटन बैंक के महाप्रबंधक विजय वसंत रायकवार के हाथों संपन्न हुआ। श्री रायकवार ने शाखा का विधिवत उद्घाटन कर स्टाफ और ग्राहकों को उत्कृष्ट सुविधाओं से सुसज्जित नवीन भवन के लिये बधाई दी। उन्होंने स्टाफ को ग्राहकों की सेवा में समर्पित भाव से कर्तव्य पालन की सीख देते छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान ग्राहकों से किया। उद्घाटन के दौरान उपस्थित अतिथियों एवं ग्राहकों ने नवनिर्मित शाखा भवन का निरीक्षण किया। महाप्रबंधक रायकवार द्वारा ग्राहकों से संवाद कर बैंक की विभिन्न महत्वाकांक्षी ऋण योजनाओं, बीमा उत्पाद एवं अन्य मुख्य बैंकिंग उत्पादों के बारे में जानकारी साझा की गई एवं ग्राहक सेवा को बेहतर बनाने हेतु एवं बैंक हित में ग्राहकों से आवश्यक सुझाव भी लिए। उन्होंने सभी ग्राहकों को बेहतर ग्राहक सेवा प्रदान करने आश्वस्त किया, साथ ही उपस्थित समस्त स्टाफ को सर्वसुविधायुक्त नवीनीकृत शाखा भवन में काम करते हुए व्यवसाय वृद्धि एवं ग्राहकों को उच्च स्तरीय सुविधाएं एवं बेहतर ग्राहक सेवा प्रदान करने हेतु प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक जगदलपुर मोहित सिंघल, वरिष्ठ प्रबंधक (परिचालन) वेदप्रकाश, वरिष्ठ प्रबंधक(अग्रिम) नन्दलाल यादव, शाखा प्रबंधक श्रीमती निधी सोरी, कार्यालय सहायक कु• स्वाती बाजपेयी एवं शाखा के समस्त स्टाफ और बैंक ग्राहक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
