जगदलपुर नगर निगम क्षेत्र के मुक्तिधामों के कायाकल्प की तैयारी, शासन ने दी 57.77 लाख की महत्वपूर्ण स्वीकृति
जगदलपुर: नगर पालिक निगम जगदलपुर के अंतर्गत आने वाले नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं और शहर के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में राज्य शासन ने एक अत्यंत संवेदनशील और महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। राज्य प्रवर्तित ‘मुक्तिधाम योजना’ के तहत शहर के दो प्रमुख वार्डों में स्थित मुक्तिधामों के जीर्णोद्धार, उन्नयन और विकास कार्यों के लिए कुल 57.77 लाख रुपये की प्रावधिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य अंतिम संस्कार के समय मुक्तिधाम पहुंचने वाले नागरिकों को एक व्यवस्थित, शांत और गरिमापूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है। विकास कार्यों के विस्तृत विवरण के अनुसार, लोकमान्य तिलक वार्ड क्रमांक 37 के अंतर्गत कंगोली स्थित मुक्तिधाम के विकास हेतु 27.79 लाख रुपये की राशि आवंटित की गई है। इसी प्रकार, लालबहादुर शास्त्री वार्ड के आमागुड़ा चौक स्थित नया पुल के नीचे बने मुक्तिधाम के लिए 29.98 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। इन दोनों ही स्थलों पर होने वाले निर्माण कार्यों के अंतर्गत सुरक्षा की दृष्टि से मजबूत बाउंड्रीवाल का निर्माण किया जाएगा, जिससे मुक्तिधाम की भूमि सुरक्षित हो सके और वहां बाहरी अतिक्रमण या लावारिस पशुओं के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लग सके। परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहां आधुनिक वेटिंग शेड का निर्माण भी किया जाना है, जिससे अंतिम संस्कार के दौरान उपस्थित लोगों को धूप, बारिश और अन्य मौसमी प्रतिकूलताओं से राहत मिल सके। इसके अतिरिक्त, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिकोण से पूरे परिसर में सघन वृक्षारोपण का कार्य भी किया जाएगा। यह हरित क्षेत्र न केवल वायु प्रदूषण को कम करने में सहायक होगा, बल्कि शोक संतप्त परिवारों को कठिन समय में एक मानसिक शांति और सुखद वातावरण भी प्रदान करेगा।
इस महत्वपूर्ण सौगात पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए लोकमान्य तिलक वार्ड के निवासी रोहन कुमार ने शासन और प्रशासन के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हुए कहा इस लोकहितैषी निर्णय के लिए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, बस्तर के स्थानीय विधायक एवं प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव,कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, बस्तर सांसद महेश कश्यप और जगदलपुर के महापौर संजय पांडे और लोकमान्य तिलक वार्ड के पार्षद संतोष गौर का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने विश्वास जताया है कि इन कार्यों के पूर्ण होने से नगरवासियों को लंबे समय से हो रही असुविधाओं से मुक्ति मिलेगी।
