जनगणना प्रशिक्षण में नशे में हंगामा करने वाले प्रधान अध्यापक पर गिरी गाज, निलंबित

जगदलपुर बस्तर जिले में जनगणना ड्यूटी के प्रशिक्षण के दौरान अनुशासनहीनता का गंभीर मामला सामने आया है। बकावंड ब्लॉक की प्राथमिक शाला आंवराभाटा में पदस्थ प्रधान अध्यापक टीकम ठाकुर को नशे की हालत में अधिकारियों से दुर्व्यवहार करने पर तत्काल निलंबित कर दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी जगदलपुर ने इस मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक का मुख्यालय भी बदल दिया है।

तहसील करपावंड स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय में 11 और 12 अप्रैल को जनगणना प्रगणकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण चल रहा था। इसी दौरान प्रधान अध्यापक टीकम ठाकुर शराब के नशे में प्रशिक्षण स्थल पहुंचे और मास्टर ट्रेनर तथा उच्च अधिकारियों से अभद्र व्यवहार किया। मामले की शिकायत मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी ने इसे गंभीर कदाचरण मानते हुए जांच के बाद निलंबन का आदेश जारी कर दिया। आदेश में कहा गया है कि उनका यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 के उपनियम 5 का उल्लंघन है।

निलंबन अवधि के दौरान टीकम ठाकुर का मुख्यालय खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, विकास खंड दरभा, जिला बस्तर तय किया गया है। इस दौरान उन्हें केवल नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता ही मिलेगा। शिक्षा विभाग ने साफ किया है कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस कार्रवाई से जिले के अन्य शिक्षकों को भी सख्त संदेश गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *