कोच क्रिस क्रिस्टोफर के मार्गदर्शन में कड़ी मेहनत कर निखर रहे हैं बैडमिंटन खिलाड़ी



जगदलपुर। प्रियदर्शिनी इंदिरा स्टेडियम जगदलपुर में चल रहे ग्रीष्मकालीन बैडमिंटन प्रशिक्षण शिविर में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे शामिल होकर बैडमिंटन के गुर सीख रहे हैं। इस शिविर में नवोदित खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह दिख रहा है। कोच क्रिस क्रिस्टोफर बच्चों को खेल की आधुनिक तकनीक सिखा रहे हैं।
प्रियदर्शिनी स्टेडियम स्थित इनडोर बैडमिंटन हॉल में ग्रीष्म ऋतु में आयोजित बैडमिंटन प्रशिक्षण आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। वैसे तो यहां वर्ष भर बस्तर जिला बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में बच्चों के लिए खेल प्रतियोगिताएं और प्रशिक्षण सत्र आयोजित होते हैं, लेकिन अप्रैल-मई 2026 के दौरान यह विशेष प्रशिक्षण शिविर चल रहा है, जिसमें शहर के लगभग 100 बच्चे भाग ले रहे हैं। इस शिविर का उद्देश्य छोटे बच्चों में बैडमिंटन के प्रति रुचि जगाना और स्थानीय प्रतिभाओं को निखारना है। अनुभवी कोच क्रिस क्रिस्टोफर बच्चों को खेल की बारीकियां सिखाने के साथ-साथ फिजिकल फिटनेस के प्रति उनमें जागरूकता भी पैदा कर रहे हैं। वे स्मैश शॉट्स, ड्रॉप शॉट्स और फुटवर्क जैसी उन्नत तकनीकों पर जोर दे रहे हैं। व्यक्तिगत कोचिंग देकर वे मानसिक मजबूती और रणनीति पर भी विशेष प्रशिक्षण दे रहे हैं, जिससे कई प्रतिभाएं उभर रही हैं।

बेहतर हो रहा है बच्चों का परफॉरमेंस
शिविर में 8 से 16 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए विभिन्न कैटेगरी में प्रैक्टिस मैच करवाए जा रहे हैं, जिनमें सिंगल्स और डबल्स शामिल हैं। कोच क्रिस क्रिस्टोफर ने बताया कि खिलाड़ियों में प्रतियोगी भावना जगाने के लिए ऐसे मैच आयोजित किए जाते हैं। इसी का नतीजा है कि स्टेट और नेशनल स्तर के टूर्नामेंट में ये बच्चे बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। दीया कटमा रेड्डी, मिहिका तेन्नेटी, अनिरुद्ध, अनुति तेन्नेटी, सव्याकृतिका गुप्ता, यथार्थ देवांगन, आरव लाहोटी आदि जूनियर प्लेयर्स अपने-अपने आयु वर्ग में बस्तर और छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। ये सभी बच्चे पिछले 4-5 वर्षों से कोच के मार्गदर्शन में कड़ी मेहनत कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *