किसान अवतार में नजर आए विधायक विक्रम मंडावी, डीजल के लिए थामी ट्रैक्टर की स्टेयरिंग
जगदलपुर। बस्तर संभाग के बीजापुर से अपराजेय योद्धा एवं कांग्रेस विधायक विक्रम शाह मंडावी सोमवार को ठेठ किसान अवतार में नजर आए। बीजापुर जिले में डीजल की किल्लत के चलते खेती किसानी कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसके विरोध में आज सैकड़ों किसानों ने श्री मंडावी के नेतृत्व में बीजापुर में ट्रैक्टर रैली निकाली।विधायक श्री मंडावी स्वयं ट्रैक्टर चलाते हुए रैली में शामिल हुए।

मानसून की आमद के साथ ही खेती-किसानी के कार्य तेज होने वाले हैं, लेकिन बीजापुर जिले में डीजल की भारी कमी और लगातार बढ़ती कीमतों ने किसानों को गहरी चिंता में डाल दिया है। इस समस्या को लेकर सोमवार को बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने सैकड़ों किसानों के साथ विशाल ट्रैक्टर रैली निकाली और सरकार से तत्काल पर्याप्त डीजल उपलब्ध कराने की मांग की। रैली नैमेड़ स्थित नए बस स्टैंड से शुरू हुई। सैकड़ों ट्रैक्टरों की लंबी कतार में शामिल किसान नारेबाजी करते हुए जिला मुख्यालय पहुंचे। रैली विभिन्न डीजल पंपों के सामने से होकर गुजरी, जहां किसानों ने डीजल उपलब्ध कराने की मांग की। अंत में रैली नए बस स्टैंड पर पहुंचकर सभा और धरना प्रदर्शन में परिवर्तित हो गई।किसानों ने बताया कि पंपों पर पहुंचने पर संचालक पर्याप्त मात्रा में डीजल नहीं दे रहे हैं। इससे खेती, किसानी के कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। किसानों ने कहा कि ट्रैक्टर खरीदने के लिए बैंक से कर्ज लेते हैं। खेती से जो आय होती है, उसी से कर्ज चुकाते हैं। लेकिन डीजल ही नहीं मिलेगा तो खेती कैसे करेंगे और फसल कैसे बोएंगे? किसानों का यह भी आरोप है कि सरकार एक तरफ डीजल की सप्लाई नहीं कर रही, वहीं दूसरी ओर कीमतों में लगातार बढ़ोत्तरी कर रही है जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और खराब होती जा रही है। रैली में शामिल लोगों को संबोधित करते हुए विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि मानसून दस्तक रहा है। किसानों को खेती-किसानी की तैयारियां करनी हैं, लेकिन अभी तक वे डीजल के लिए धक्के खा रहे हैं। सरकार को बिना किसी परेशानी के किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध कराना चाहिए।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यह स्थिति बनी रही तो किसानों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इसके साथ ही विधायक विक्रम मंडावी ने किसानों के साथ मिलकर जिला कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया है कि जिले के पेट्रोल पंपों में डीजल की भारी किल्लत है। लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं और किसान खरीफ फसल की जोताई-बुआई नहीं कर पा रहे हैं। कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध कराए जाने, किसानों के ट्रैक्टरों के लिए पर्याप्त मात्रा में डीजल देने। आवश्यकता अनुसार किसानों को ड्रमों में भी डीजल उपलब्ध कराने के साथ ही कुटरू, गंगालूर, भैरमगढ़, आवापल्ली, बासागुड़ा एवं मद्देड क्षेत्रों में नए पेट्रोल पंप खोलने की भी मांग की गई है। यह भी बताया गया है कि वर्तमान में किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज नहीं मिल रहे हैं। इसलिए इनकी भी तत्काल व्यवस्था किए जाने की मांग प्रमुखता से की गई है। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुड़ियम, जिला पंचायत सदस्य नीना रावतिया उद्दे, जिला पंचायत सदस्य लच्छू राम मौर्य, पूर्व जिला पंचायत सदस्य बसंत राव ताटी, सोमरू राम कश्यप, दशरत कुंजाम, ज्योति कुमार, नकुल ठाकुर, पुरुषोत्तम सल्लूर, सुनील उद्दे, पुरुषोत्तम खत्री, केजी सत्यम, रमेश यालम, मंगल राना, सोनू पोटाम, शंकर जुमड़े, मनोज यालम, मनोज अवलम, गीता कमल, बबीता झाड़ी, वीरेंद्र ठाकुर, शैलेश मंडावी, महेश हेमला, एजाज़ सिद्दीकी, विजय पाल शाह मंडावी, अखिलेश उप्पल, रतन कश्यप, लक्ष्मण कड़ती, लक्ष्मण कुरसम और जगदेव यादव सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसान और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
