आईजी सुंदरराज पी. का कार्य पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायक – संजय पांडेय
जगदलपुर। नगर निगम भाजपा पार्षद दल ने महापौर संजय पांडे के साथ बस्तर पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय पहुंचकर वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पी. सुंदरराज को राष्ट्रीय जांच एजेंसी में इंस्पेक्टर जनरल के पद पर नियुक्ति मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इस अवसर पर महापौर संजय पांडे ने आईजी पी. सुंदरराज को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
महापौर संजय पांडे ने कहा कि बस्तर जैसे संवेदनशील क्षेत्र में सुंदरराज पी. पुलिस अधीक्षक एवं अन्य पदों पर 14 वर्ष तक कार्यरत रहे। उन्होंने समर्पण, साहस और कुशल नेतृत्व के साथ जो कार्य किया, वह पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायी है। नक्सल विरोधी अभियानों के साथ-साथ उन्होंने आम नागरिकों और पुलिस के बीच विश्वास का मजबूत वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राष्ट्रीय जांच एजेंसी जैसे महत्वपूर्ण संस्थान में इंस्पेक्टर जनरल के रूप में उनकी नियुक्ति बस्तर के लिए गौरव का विषय है। हमें विश्वास है कि वे अपनी नई जिम्मेदारी का भी पूरी निष्ठा और उत्कृष्टता के साथ निर्वहन करेंगे। इस दौरान महापौर संजय पांडे एवं भाजपा पार्षद दल ने बस्तर में उनके लंबे कार्यकाल के दौरान किए गए उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की। सभी जनप्रतिनिधियों ने उनके साथ बिताए गए अनुभवों और यादों को साझा करते हुए आत्मीय चर्चा की तथा उनके बेहतर भविष्य और सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं। इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही, सुरेश गुप्ता, लक्ष्मण झा, कलावती कसेर, संग्राम सिंह राणा, संजय विश्वकर्मा, पार्षद उमा मिश्रा, पारूल बोथरा, आशा साहू, बंसती समरथ, उर्मिला यादव, रोशन सिसोदिया, गिरिजा गुप्ता, गायत्री बघेल, नेहा ध्रुव तोड़ेम सहित भाजपा के राजपाल कसेर, शशिनाथ पाठक, पंकज आचार्य एवं सूरज श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
