छात्रों पर लाठीचार्ज और विपक्षी नेताओं से दुर्व्यवहार के विरोध में कांग्रेस का एकदिवसीय धरना, मोदी सरकार के खिलाफ जमकर गरजे कांग्रेसी
कवर्धा,,, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी कबीरधाम के अध्यक्ष नवीन जायसवाल के मार्गदर्शन एवं शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अशोक सिंह ठाकुर के नेतृत्व में आज कांग्रेस भवन, कवर्धा में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए छात्र-युवाओं पर हुए लाठीचार्ज और विपक्षी नेताओं के साथ किए गए कथित दुर्व्यवहार की कड़ी निंदा की गई।
धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर में NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के विरोध में शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्र-छात्राओं और युवाओं पर लाठीचार्ज करना लोकतंत्र पर सीधा हमला है। साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी तथा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री आवास के सामने किए गए शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा कथित दुर्व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत बताया गया।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष अशोक सिंह ठाकुर ने कहा कि दिल्ली जंतर मंतर में देशभर के छात्र-युवा अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन उनकी आवाज सुनने के बजाय उन पर लाठियां बरसाई गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्राओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार में नैतिकता शेष है तो केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। विपक्ष की आवाज को पुलिस बल के सहारे दबाने का प्रयास लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत है।
ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मणिकांत त्रिपाठी ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण विरोध करने का संवैधानिक अधिकार है। छात्र-युवाओं पर बल प्रयोग और विपक्षी नेताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। कांग्रेस लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी और जनता की आवाज को दबाने की हर कोशिश का पुरजोर विरोध करेगी।
प्रदेश कांग्रेस सचिव मोहित माहेश्वरी ने कहा कि भाजपा सरकार हर वर्ग को निराश करने का काम कर रही है। छात्र, युवा, किसान, महिलाएं और आम नागरिक अपनी समस्याओं को लेकर सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता की मांगों का समाधान करने के बजाय सरकार दमनकारी रवैया अपनाकर संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचलने का प्रयास कर रही है, जिसे कांग्रेस कभी स्वीकार नहीं करेगी।
कार्यक्रम में प्रदेश सचिव वीरेन्द्र जांगड़े, जिला महामंत्री गोपाल चंद्रवंशी, पूर्व अध्यक्ष प्रत्याशी संतोष यादव, नेता प्रतिपक्ष भीखम कोशले, महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष नारायणी तोंडर, पार्षद बिन्नी तिवारी, पार्षद सीता धुर्वे, मंडल अध्यक्ष जयंत जायसवाल, गणेश नाथ योगी, दीपक ठाकुर, रामनारायण सिन्हा, मेहुल सत्यवंशी, प्रवीन वैष्णव, देवराज पाली, गुड्डू ठाकुर, पुष्पलता जोशी,रानी चंद्रवंशी, रचना कोशले, पूर्णिमा चंद्राकार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
