युवाओं का बढ़ता विश्वास कांग्रेस को नहीं हो रहा हज़म, इसलिए बौखलाहट में दे रहे अनर्गल बयान – रोहन घोष

जगदलपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला मीडिया प्रभारी रोहन घोष ने कांग्रेस प्रवक्ता जावेद खान के बयान को पूरी तरह निराधार, तथ्यहीन और राजनीतिक हताशा का परिचायक बताया है।

रोहन घोष ने कहा कि जगदलपुर के आड़ावाल में आयोजित “ज्वाइन भाजयुमो” कार्यक्रम में बस्तर जिले के तेरह मंडलों से एक हजार से अधिक युवाओं ने भारतीय जनता युवा मोर्चा की सदस्यता ग्रहण की। यह केवल बस्तर ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में चल रहे अभियान का हिस्सा है, जहां सभी जिलों में हजारों युवा स्वेच्छा से भारतीय जनता युवा मोर्चा से जुड़ रहे हैं। युवाओं का यह उत्साह कांग्रेस की बेचैनी का सबसे बड़ा कारण बन गया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक जमीन खो चुकी है, इसलिए हर सकारात्मक अभियान पर सवाल उठाना उसकी आदत बन गई है। यदि कांग्रेस के पास कोई प्रमाण है कि कार्यक्रम में शामिल युवा पुराने सदस्य थे, तो वह उसे सार्वजनिक करे। बिना किसी तथ्य के केवल आरोप लगाना कांग्रेस की हताशा को दर्शाता है।

रोहन घोष ने कहा कि आज का युवा केवल नारों से नहीं, बल्कि विकास और अवसरों से जुड़ता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं के लिए स्टार्टअप, स्किल डेवलपमेंट, स्वरोजगार, डिजिटल इंडिया, मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम और विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से लाखों युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिला है। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भी युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को युवाओं की चिंता आज याद आ रही है, जबकि अपने शासनकाल में उसने युवाओं से किए गए अनेक वादों को पूरा नहीं किया। आज जब युवा भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा और विकास की नीति से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में संगठन से जुड़ रहे हैं, तब कांग्रेस के नेताओं में घबराहट स्वाभाविक है।

रोहन घोष ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा का सदस्यता अभियान आगे भी पूरे प्रदेश में इसी उत्साह के साथ जारी रहेगा और अधिक से अधिक युवाओं को राष्ट्र निर्माण की इस विचारधारा से जोड़ने का कार्य करेगा। कांग्रेस को निराधार आरोप लगाने के बजाय आत्ममंथन करना चाहिए कि आखिर प्रदेश का युवा उससे लगातार दूरी क्यों बना रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *