महापौर के किए धरे पर शराब फेर रहे हैं विघ्नसंतोषी तत्व
–अर्जुन झा-
जगदलपुर। माई दंतेश्वरी की नगरी जगदलपुर की ऐतिहासिक धरोहर दलपत सागर को संवारने और गंदगी से मुक्त करने के लिए महापौर संजय पांडेय और उनकी टीम द्वारा जो मेहनत की जा रही है, वह किसी से छुपी नहीं है। दलपत सागर जलाशय को उसका पुराना वैभव वापस दिलाने के लिए मेयर संजय पांडे लगातार पसीना बहा रहे हैं, मगर कुछ विघ्नसंतोषी तत्व उनके सारे किए धरे पर पानी नहीं सीधे शराब फेर रहे हैं। दलपत सागर को शराबियों ने अपना अड्डा बना लिया है। ये तत्व आस्था पर आघात पहुंचाने का भी दुष्कृत्य कर रहे हैं। किसी श्रद्धालु ने दलपत सागर की मेड़ के वृक्ष के पास भगवान कृष्ण की तस्वीर रख दी है। भगवान कृष्ण जी को माखन (मक्खन) पसंद है, मगर शरारती तत्वों ने उनके चित्र के सामने शराब की खाली बोतल और डिस्पोजल गिलास रख दिया है।
दलपत सागर जलाशय सिर्फ जगदलपुर ही नहीं बल्कि पूरे बस्तर जिले की ऐतिहासिक धरोहर है। इसके कायाकल्प के लिए महापौर संजय पांडेय लगातार प्रयास करते आ रहे हैं।. जन सहयोग से श्रमदान कर तालाब को गंदगी मुक्त करने के सार्थक प्रयास किए गए।. महापौर और नगर निगम प्रशासन की मंशा है कि दलपत सागर एक व्यवस्थित पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो, जहां शहरवासी सुबह शाम सुकून के कुछ पल बिता सकें, मगर ये कोशिशें असामाजिक तत्वों को रास नहीं आ रही हैं।जलाशय के पाल पर बैठकर शराबखोरी की जाने लगी है। ऐतिहासिक धरोहर दलपत सागर की जो बदहाल तस्वीरें एक बार फिर सामने आई हैं, वे यहां के चंद लोगों की विकृत मानसिकता को दर्शाती हैं।तालाब किनारे भगवान की तस्वीर के ठीक पास शराब की खाली बोतलें, प्लास्टिक कचरा और गंदगी का ढेर पड़ा मिला। यह न केवल धार्मिक भावनाओं का अपमान है, बल्कि नगर निगम की सफाई व्यवस्था और निगरानी पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर हर दिन सैकड़ों लोग घूमने और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं, वहीं कुछ असामाजिक तत्व खुलेआम शराब पीकर बोतलें फेंक रहे हैं। सवाल यह है कि आखिर ऐसे लोगों पर कार्रवाई क्यों नहीं होती? क्या दलपत सागर को अब शराबियों और गंदगी फैलाने वालों के हवाले कर दिया गया है? नगर निगम हर साल स्वच्छता के बड़े-बड़े दावे करता है, लेकिन जमीन पर तस्वीर कुछ और ही बयां कर रही है। भगवान की तस्वीर के पास शराब की बोतलें और कचरा पड़े रहना साफ दिखाता है कि सफाई और निगरानी व्यवस्था कितनी लापरवाह है? आखिर गंदगी फैलाने और शराब पीने वालों पर सख्त कार्रवाई कब होगी?
देखते है क्या निगम को परवाह है जगदलपुर के हृदय दलपत सागर की, सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे? नियमित गश्त बढ़ाई जाएगी और सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने व कचरा फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी? यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो दलपत सागर की पहचान धीरे-धीरे गंदगी और अव्यवस्था के रूप में ही रह जाएगी।
