पूरे उत्साह के साथ मनाया गया गुरुपूर्णिमा महोत्सव, पतंजलि परिवार के योगसाधकों ने किया आर्य भवन में हवन और भजन
कवर्धा ,,,29 जुलाई 2026
अज्ञान के अंधकार से ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाने वाले गुरु के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का महापर्व ‘गुरुपूर्णिमा’ बुधवार को पतंजलि परिवार के योगसाधकों के द्वारा आर्य भवन, कवर्धा में अत्यंत हर्षोल्लास व आध्यात्मिक भाव के साथ मनाया गया। इस विशेष आध्यात्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में योगसाधकों ने हिस्सा लिया और गुरु सत्ता की आराधना की।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9:00 बजे पवित्र हवन अनुष्ठान के साथ हुई। उपस्थित सभी योगसाधको ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन में आहुति देकर गुरु कृपा व पुण्य लाभ प्राप्त किया।
चित्र पूजन और संगीतमय भजनों से गूंजा परिसर
हवन के उपरांत गुरु के चित्र की पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इस पावन अवसर पर संगीतमय भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया, जिसमें साधकों ने गुरु महिमा का गुणगान किया। भजनों की सुमधुर प्रस्तुति से आर्य भवन का पूरा वातावरण अत्यंत ऊर्जामयी और भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम के माध्यम से सभी ने मिलकर गुरु तत्व का ध्यान किया और योग-पथ पर निरंतर आगे बढ़ने का संकल्प लिया।
इस भव्य गुरुपूर्णिमा महोत्सव को सफल बनाने में योगसाधकों की विशेष भूमिका रही। कार्यक्रम में मुख्य रूप से राजकुमार वर्मा, महेंद्र सिंह ठाकुर, दुर्योधन पाली, मनोहर साहू, राममुनि वानप्रस्थी, हजारी चंद्रवंशी, हरिराम साहू, शिवकुमार निषाद, लीलाराम साहू, अर्जुन पाली, दिनेश चंद्रवंशी, सोमदत्त शर्मा, शिवकुमार चंद्रवंशी, प्रदीप आस्था, खोमेश राजपूत, ओंकार सिंह राजपूत, गिरीश राजपूत, रवि राजपूत, निखिल राजपूत, युवराज निषाद, लक्ष्मण चंद्राकर और गोपी साहू सहित अन्य कई योगी साधकगण उपस्थित रहे।
