बीजापुर के नीलम सरई मार्ग और नम्बी जंगल में IED विस्फोट, दो पर्यटक घायल ,बाकी को निकालने में जुटा पुलिस

बीजापुर(के संतोषकुमार):– जिले के उसूर थाना क्षेत्र में माओवादियों द्वारा पहले से लगाए गए प्रेशर IED की चपेट में आने से दो अलग-अलग घटनाओं में दो ग्रामीण घायल हो गए। दोनों के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। सुरक्षा बलों और प्रशासन ने घायलों की मदद के लिए तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।पहली घटना में सुकमा जिले के चिंतागुफा थाना क्षेत्र के ग्राम करीगुण्डम के 7-8 युवक एवं बच्चे नीलम सरई जलप्रपात घूमने आए थे। जलप्रपात से लगभग डेढ़ किलोमीटर पहले माओवादियों द्वारा लगाए गए प्रेशर IED की चपेट में आने से सोढ़ी देवा 13 वर्ष पिता हुंगा सोढ़ी घायल हो गया। विस्फोट में उसके दाहिने पैर की एड़ी में चोट आई। घायल बालक को तत्काल उसूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है। दूसरी घटना ग्राम नम्बी के जंगल में हुई, जहां विनोद कट्टम 15 वर्ष, पिता चन्द्रु कट्टम अपने साथी के साथ मवेशी चराने गया था। इस दौरान वह भी जंगल में पूर्व से लगाए गए प्रेशर IED की चपेट में आ गया, जिससे उसके दाहिने पैर की एड़ी में चोट आई। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण घटनास्थल तक जाने वाले मार्ग के नाले में जलभराव हो गया है, जिससे आवागमन बाधित है। इसके बावजूद सुरक्षा बल आवश्यक सावधानियों के साथ रेस्क्यू अभियान चलाकर घायल ग्रामीण को सुरक्षित निकालने में जुटे हुए हैं। पुलिस ने लोगों से जंगलों और संवेदनशील क्षेत्रों में जाते समय विशेष सतर्कता बरतने तथा संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर तत्काल पुलिस या सुरक्षा बलों को सूचना देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *