उप मुख्यमंत्री के निर्देश पर भोरमदेव कांवड़ यात्रा के लिए प्रशासन ने बोलबम समितियों के साथ की समन्वय बैठक

कवर्धा,,,30 जुलाई 2026 आगामी सावन कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा के निर्देश पर भोरमदेव मंदिर के समीप स्थित सामुदायिक भवन में बोलबम समितियों के प्रमुखों एवं सदस्यों के साथ कलेक्टर गोपाल वर्मा और पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र यादव की उपस्थिति में जिला प्रशासन की समन्वय बैठक आयोजित हुई। बैठक में यात्रा मार्ग की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बोलबम समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर गोपाल वर्मा ने कहा कि सावन माह में हजारों कांवड़िए और श्रद्धालु इस मार्ग से होकर भोरमदेव पहुंचते हैं। उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर यात्रा मार्ग में बूढ़ा महादेव मंदिर (कवर्धा) से भोरमदेव, राजानवागांव, डोंगरिया होते हुए मुंगेली जिले के ग्राम खुड़िया तक संपूर्ण कांवड़ यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा, यातायात नियंत्रण तथा श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था की गई है। विभिन्न पड़ावों पर सहायता एवं सेवा शिविर भी स्थापित किए जा रहे हैं, जहां प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र यादव ने कहा कि यात्रा के सुरक्षित एवं सुचारु संचालन के लिए पुलिस विभाग द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। मंदिर परिसरों में कांवड़ियों और श्रद्धालु सुगमता से जल चढ़ा सकें ऐसी व्यवस्थाएं बनाई जा रही हैं। उन्होंने बोल बम समितियों से आग्रह किया कि वाहनों की पार्किंग व्यवस्था बनाई गई है जहां कांवड़ यात्रा के दौरान चलने वाले वाहनों, ट्रैक्टर्स, डीजे वाहनों को व्यवस्थित रूप से पार्क किया जा सकता है। बैठक में स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के संपर्क नंबर भी बोलबम समिति के सदस्यों के साथ साझा किए गए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। बैठक में सभी समितियों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर यात्रा को सफल एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने का आह्वान किया गया।
उल्लेखनीय है कि उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल पर अमरकंटक स्थित मृत्युंजय आश्रम में कांवड़ियों के लिए निःशुल्क भोजन एवं विश्राम की व्यवस्था की गई है। वहीं, लगभग 20-20 लाख रुपए की लागत से खुड़िया एवं लमनी में आधुनिक प्रतीक्षालयों का निर्माण कराया गया है। मार्ग में पड़ने वाले पड़ावों और विश्रामालयों में भी आवश्यक इंतजाम किये जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *