महतारी वंदन के नाम पर ₹1000, बिजली बिल में ₹5000 की वसूली भाजपा सरकार जनता को राहत नहीं, लूट का बिल थमा रही : नवीन जायसवाल
कवर्धा,,,प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी कबीरधाम के अध्यक्ष नवीन जायसवाल के नेतृत्व में शनिवार को कांग्रेस भवन कवर्धा में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा सरकार की बिजली नीति, स्मार्ट मीटर और बिजली दरों में लगातार हो रही वृद्धि को लेकर कांग्रेस ने तीखा हमला बोला। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार आम जनता, किसानों, मजदूरों और मध्यम वर्ग पर लगातार आर्थिक बोझ डाल रही है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने कहा कि भाजपा सरकार महतारी वंदन योजना के नाम पर महिलाओं को ₹1000 देकर प्रचार कर रही है, जबकि दूसरी ओर बढ़े हुए बिजली बिलों के माध्यम से उसी परिवार से ₹4000 से ₹5000 तक अतिरिक्त वसूली की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह जनकल्याण नहीं, बल्कि जनता की जेब पर सीधा हमला है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में लगातार पांचवीं बार बिजली की दरों में बढ़ोतरी की गई है। जुलाई से घरेलू, गैर-घरेलू एवं कृषि उपभोक्ताओं के लिए नई दरें लागू कर दी गई हैं। इसके पहले 12 प्रतिशत विद्युत ईंधन अधिभार भी लगाया गया था। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में अब तक बिजली की दरों में 31.23 प्रतिशत की वृद्धि हो चुकी है, जबकि कांग्रेस सरकार ने अपने पांच वर्षों के कार्यकाल में केवल 2 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की थी और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना लागू कर आम उपभोक्ताओं को राहत दी थी।
नवीन जायसवाल ने बताया कि 1 अगस्त से कांग्रेस प्रदेशव्यापी जनआंदोलन की शुरुआत करेगी। पहले चरण में घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर हटाने तथा बिजली दरों में बढ़ोतरी वापस लेने के समर्थन में आवेदन और विरोध पत्र भरवाए जाएंगे। दो माह तक अभियान चलाने के बाद जिला मुख्यालयों के बिजली कार्यालयों का घेराव कर एकत्रित आवेदन जमा किए जाएंगे तथा अंत में मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा।
जिला कांग्रेस महामंत्री मनीष शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल रही है। बिजली विभाग मनमाने ढंग से तीन से चार गुना तक बिल भेज रहा है। उपभोक्ताओं की सहमति के बिना अनुबंध भार बढ़ाकर अतिरिक्त शुल्क एवं अर्थदंड लगाया जा रहा है, जिससे आम उपभोक्ता आर्थिक रूप से परेशान हैं।
प्रदेश कांग्रेस सचिव वीरेन्द्र जांगड़े ने कहा कि बढ़े हुए बिजली बिलों के पीछे तीन प्रमुख कारण हैं बिजली दरों में लगातार वृद्धि, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना का बंद होना तथा स्मार्ट मीटर के माध्यम से अधिक खपत दर्ज किया जाना। उन्होंने कहा कि संसद में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर स्पष्ट कर चुके हैं कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर पूरी तरह वैकल्पिक व्यवस्था है और किसी भी उपभोक्ता पर उसकी सहमति के बिना नहीं लगाए जा सकते। इसके बावजूद छत्तीसगढ़ में जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जाने के आरोप सामने आ रहे हैं।
पत्रकार वार्ता में कांग्रेस ने सरकार से तीन प्रमुख मांगें रखीं—बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी तत्काल वापस ली जाए, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना पुनः लागू की जाए तथा प्रदेशभर में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर वापस लिए जाएं।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जनता की मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया, तो प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जनसंघर्ष किया जाएगा।
प्रेस वार्ता कार्यक्रम में प्रमुखरूप से जिला महामंत्री गोपाल चंद्रवंशी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा अनंत, जिला प्रवक्ता विकाश केशरी, आकाश केशवानी, राजेंद्र मार्कण्डेय, सीता धुर्वे, पदुम सेन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
