बाढ़ पीड़ितों का दर्द साझा करने पहुंचे विधायक विक्रम शाह मंडावी
जगदलपुर। लगातार बरसात से बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में बड़ा नुकसान हुआ है। बाढ़ प्रभावितों को राहत शिविरों में ठहराया गया है। कई ग्रामीणों के मकान टूट गाए हैं। बीजापुर विधायक विक्रम शाह मंडावी ने सजग जनप्रतिनिधि का दायित्व निभाते हुए भोपालपटनम ब्लॉक के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।
विधायक विक्रम शाह मंडावी ने बाढ़ से प्रभावित गांवों का जायजा लिया और पीड़ित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान विधायक श्री मंडावी ग्राम चंदनगिरी, नलमपल्ली, वर्दली, देपला और तीमेड़ पहुंचे। उन्होंने बाढ़ से क्षतिग्रस्त क्षेत्रों का निरीक्षण किया तथा प्रभावित परिवारों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं को समझा। बाढ़ के कारण हुए नुकसान, आवास की स्थिति और आवश्यक राहत सामग्री की उपलब्धता के बारे में उन्होंने ग्रामीणों से जानकारी ली। विधायक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावितों को हर संभव मदद समय पर पहुंचाई जाए। उन्होंने प्रशासन से कहा कि राहत कार्यों में कोई कमी न रहे और प्रभावित परिवारों को तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जाए। ग्रामीणों से अपील करते हुए विधायक विक्रम शाह मंडावी ने कहा कि बाढ़ की स्थिति को देखते हुए लोग सुरक्षित स्थानों पर शरण लें और राजस्व विभाग के निर्देशों का पालन करते हुए बाढ़ राहत शिविरों में पहुंचें। उन्होंने सुरक्षा को प्राथमिकता देने की सलाह दी। इसके साथ ही उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि आने वाले समय में बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के समुचित प्रबंध किए जाएं। साथ ही पशुधन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएं, ताकि बाढ़ से होने वाले नुकसान को कम से कम किया जा सके। विदित हो कि बीजापुर जिले में मूसलाधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है और जिले के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति निर्मित हो गई जिसका सबसे ज्यादा असर भोपालपटनम क्षेत्र में देखने को मिला है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लालू राठौर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य और कांग्रेस नेता बसंत राव ताटी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता कामेश्वर गौतम, ब्लॉक कांग्रेस भोपालपटनम अध्यक्ष अशोक मड़े, सुनील उद्दे, रिंकी कोरम, केजी सत्यम, अरुण वासम, सुरेश सोढ़ी, कामेश मोरला, संजना चौहान, शेख रजिया और पार्षद सपना कटरेला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और आमजन दौरे में शामिल थे।
