बरसात के दौरान बस्तर में पर्यटकों का रेला



जगदलपुर लगातार हो रही मानसूनी बारिश ने बस्तर की वादियों को नई ताजगी और अद्भुत प्राकृतिक सौंदर्य से भर दिया है। चित्रकोट वाटरफॉल के साथ ही कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान स्थित प्रसिद्ध तीरथगढ़ जलप्रपात भी इन दिनों अपने पूरे शबाब पर है। पहाड़ों से तेज़ वेग के साथ गिरती दूधिया जलधारा, चारों ओर फैली हरियाली और झरने की गूंज पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर रही है। यही कारण है कि प्रतिदिन छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं।


मानसून के दौरान तीरथगढ़ जलप्रपात का मनोहारी स्वरूप लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के लिए परिवारों और युवाओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है। पर्यटक जलप्रपात के आसपास के रमणीय वातावरण का आनंद लेने के साथ यादगार तस्वीरें भी खींच रहे हैं। पर्यटकों की बढ़ती संख्या और जलप्रपात में तेज़ जलप्रवाह को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतज़ाम किए हैं। दरभा थाना पुलिस तथा तीरथगढ़ पर्यटन समिति के सदस्य लगातार मौके पर तैनात रहकर लोगों को सुरक्षित स्थानों से ही जलप्रपात देखने की सलाह दे रहे हैं। कुछ दिन पूर्व जलप्रवाह अत्यधिक बढ़ जाने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से जलप्रपात को कुछ समय तक पर्यटकों के लिए बंद भी कर दिया गया था। कोलकाता से पहली बार बस्तर घूमने आए मनोज शाह ने बताया कि उन्होंने तीरथगढ़ जलप्रपात के बारे में काफी सुना था, लेकिन यहां पहुंचने पर इसकी खूबसूरती उनकी अपेक्षाओं से कहीं अधिक निकली। उन्होंने कहा कि वे अपने परिचितों को भी बरसात के मौसम में यहां आने की सलाह देंगे।रायपुर से पहुंचे पर्यटक रजत गुप्ता ने कहा कि चित्रकोट जलप्रपात देखने के बाद तीरथगढ़ का नजारा भी बेहद आकर्षक लगा। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक सौंदर्य और हरियाली ने उनका मन मोह लिया तथा वे दोबारा यहां आने की इच्छा रखते हैं। वहीं सुरक्षा व्यवस्था में तैनात संजीव कश्यप ने बताया कि जलप्रपात में किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव के लिए दरभा थाना के पांच आरक्षक तथा पर्यटन समिति के सदस्य सुबह से शाम तक लगातार निगरानी कर रहे हैं। जलप्रवाह तेज़ रहने तक पर्यटकों को निर्धारित सुरक्षा दायरे में रहकर ही जलप्रपात का आनंद लेने की सलाह दी जा रही है।मानसून के इस मौसम में तीरथगढ़ जलप्रपात एक बार फिर बस्तर पर्यटन की प्रमुख पहचान बनकर उभर रहा है। यदि आने वाले दिनों में मौसम अनुकूल रहा तो यहां पर्यटकों की संख्या में और अधिक वृद्धि होने की संभावना है।

बारिश के साथ निखरे तीरथगढ़ जलप्रपात का मनमोहक स्वरूप इन दिनों पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। प्राकृतिक सौंदर्य के साथ सुरक्षा व्यवस्था भी प्रशासन की प्राथमिकता बनी हुई है। ऐसे में मानसून के दौरान तीरथगढ़ एक बार फिर बस्तर पर्यटन का प्रमुख आकर्षण बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *