महंगाई रोकने के लिए नीबू काटें भाजपाई: बैज
जगदलपुर। बस्तर संभाग की कांकेर लोकसभा सीट से भाजपा सांसद भोजराज नाग के नीबू वाले टोटके की पूरे छत्तीसगढ़ में खासी चर्चा चल रही है। लोग मजे ले रहे हैं और सियासतदां इस पर सियासत कर रहे हैं। अब इस पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का बड़ा बयान आया है। उन्होंने भाजपा को अंधविश्वासी पार्टी बताते हुए सांसद भोजराज नाग को चेतावनी भरी सलाह दी है कि अगर उनके टोटके में दम है तो महंगाई को थामने और मुख्यमंत्री को सद्बुद्धि दिलाने के लिए नीबू काटें। हम भी देखना चाहते हैं इस टोटके का असर।
दरअसल सांसद भोजराज नाग ने कांकेर जिले में हो रही भारी बारिश को नींबू टोटके से रोकने का दावा करते हुए नीबू काट कर फेंका था। इसे टोटके का असर कहें या फिर संयोग कि टोटके के कुछ देर बाद ही बारिश थम गई। कांकेर में बारिश तो थम गई, मगर पूरे बस्तर संभाग समेत छत्तीसगढ़ राज्य में नई बहस और सियासी बयानबाजी शुरू हो गई। ऐसे टोटकों के मामले में भोजराज नाग सिद्धहस्त माने जाते हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में अपने प्रचार अभियान के दौरान भी उन्होंने झाड़ फूंक और इलाज में नींबू मिर्ची उपयोग करने की भी बात कही थी। विदित हो कि सांसद भोजराज नाग को अक्सर उनके संसदीय क्षेत्र के अधिकारियों की बात से नींबू मिर्ची लगती रहती है। अब उनके नए टोटके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज प्रतिक्रिया व्यक्त की है। श्री बैज ने कहा कि भाजपा अंधविश्वास पर भरोसा रखने वाले नेताओं की पार्टी है।. कोरोना के समय लोगों से ताली और थाली बजवाई गाई थी, घरों में अंधेरा करवा कर मोमबत्तियां जलवाई गईं थीं। अगर ताली थाली बजाने, मोमबत्ती जलाने से कोरोना जैसी बड़ी महामारी भाग जाती है और नीबू काटने से बारिश थम जाती है, तो भाजपा के नेता तेज रफ्तार भागते महंगाई के घोड़े को थामने के लिए ताली थाली बजाएं, नीबू काटें। भोजराज नाग अपने मुख्यमंत्री की सद्बुद्धि के लिए नीबू काटें। श्री बैज ने कहा कि भाजपा के लोग महंगाई, बेरोजगारी जैसे ज्वलंत मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की नौटंकी करते रहते हैं।
