जनता के बीच कांग्रेस की पैठ बढ़ाने के लिए दक्ष किए जा रहे हैं नेता
जगदलपुर। बस्तर संभाग में कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से ब्लॉक अध्यक्षों एवं मास्टर ट्रेनर्स का तीन दिवसीय संभाग स्तरीय प्रशिक्षण शिविर आज जगदलपुर स्थित गणपति रिज़ॉर्ट में प्रारंभ हुआ। 30 अगस्त से 1 सितंबर तक आयोजित प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने दीप प्रज्वलित कर किया। प्रशिक्षण शिविर के दौरान संगठनात्मक कार्यप्रणाली, कांग्रेस की विचारधारा एवं वैचारिक समझ, नेतृत्व क्षमता, कार्यकर्ताओं की भूमिका, जनसंवाद तथा संगठन को बूथ स्तर तक अधिक प्रभावी बनाने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण एवं संवाद आयोजित किया जा रहा है। शिविर में संगठनात्मक प्रशिक्षण के साथ वरिष्ठ नेताओं एवं प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा और संवाद किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की मजबूती उसके सक्रिय और प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं से होती है। कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने के लिए ऐसे प्रशिक्षण शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित ब्लॉक अध्यक्ष एवं मास्टर ट्रेनर्स संगठन की विचारधारा और नीतियों को कार्यकर्ताओं तथा आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का कार्य करेंगे।तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में संगठन की आगामी रणनीति, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों, जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने तथा कांग्रेस संगठन को गांव, बूथ और ब्लॉक स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने को लेकर विचार-विमर्श एवं प्रशिक्षण दिया जाएगा।पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भी प्रशिक्षण शिविर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगठन में निरंतर प्रशिक्षण और संवाद से कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता, नेतृत्व क्षमता तथा जनसेवा की भावना और मजबूत होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने और आम लोगों के बीच लगातार सक्रिय रहने का आह्वान किया।प्रशिक्षण शिविर में शामिल कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मजबूत संगठन, प्रशिक्षित नेतृत्व और सक्रिय कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस जनहित की लड़ाई को और मजबूती से आगे बढ़ाएगी। बस्तर संभाग में संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने और कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा के साथ जनसेवा के लिए तैयार करने की दिशा में यह प्रशिक्षण शिविर बेहद महत्वपूर्ण पहल है। इस दौरान प्रदेश प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, पूर्व मंत्री मोहन मरकाम, बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल, भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी, सेवादल के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष मुख्य संगठक संतोष पांडे, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य, ग्रामीण अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला, पूर्व विधायकद्वय रेखचंद जैन एवं चंदन कश्यप, कनेक्ट सेंटर के को-चेयरमैन अशोक चतुर्वेदी, प्रशिक्षण प्रभारी युगल पांडे, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी सहित बस्तर संभाग के सभी जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
