भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे किरण देव



जगदलपुर। भारतीय जनता पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर के विधायक किरण सिंह देव को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद से हटा कर किसी और को जिम्मेदारी दी जाने की खबरों तथा कयासों की हवा निकल गई है। कुछ मीडिया संस्थानों द्वारा खबर फैलाई जा रही थी कि किरण सिंह को अस्वस्थता के कारण पदमुक्त किया जा रहा है। भाजपा के प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही स्पष्ट किया है कि पार्टी में ऎसी कोई हलचल ही नहीं हो रही है, सारी खबरें मनगढ़ंत और निराधार हैं। श्री देव अच्छी रिकवरी कर रहे हैं और जल्द पूर्णतः स्वस्थ होकर छत्तीसगढ़ लौटेंगे तथा पार्टी का कामकाज पूर्ववत सम्हालते रहेंगे।
विदित हो कि कुछ मीडिया चैनलों और अखबारों में किरण सिंह देव को उनके स्वास्थ्यगत कारणों से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद से मुक्त किया जा रहा है। उनकी जगह केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू या किसी अन्य बड़े नेता को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी देने की तैयारी पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व कर चुका है। इन खबरों को प्रदेश भाजपा के मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही ने सिरे से खारिज कर दिया है। श्री पाणिग्रही ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि सारी बातें बेबुनियाद और बे सिर पैर की हैं। श्री देव पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हैं और आगे भी बने रहेंगे। हेमंत पाणिग्रही ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर यह जानकारी दी है। हमारे संवाददाता को श्री पाणिग्रही ने बताया कि श्री किरण सिंह देव जी की हेल्थ में अच्छी रिकवरी हो रही है और वे जल्द ही पूर्णतः स्वस्थ होकर लौटेंगे। उन्होंने बताया कि दिल्ली में इलाजरत रहते हुए भी श्री देव पार्टी गतिविधियों का बेहतरीन तरीके से संचालन कर रहे हैं। कुछ दिनों पहले हुई प्रदेश भाजपा की बैठक से श्री देव नई दिल्ली के हॉस्पीटल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये जुड़े थे। श्री पाणिग्रही ने कहा कि किरण सिंह देव के नेतृत्व में राज्य में भारतीय जनता पार्टी और भी मजबूत बनकर उतरी है। उनके अध्यक्ष रहते ही विधानसभा और लोकसभा चुनावों में पार्टी ने छत्तीसगढ़ में ऐतिहासिक जीत हासिल की है, छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार बनी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *