बाढ़ प्रभावितों की मदद में जुटी जिला कांग्रेस,देर रात तक प्रभावित वार्डो/क्षेत्रों में पहुंचकर बांटी राहत सामग्री …

जगदलपुर। बस्तर-जगदलपुर में हाल ही में आई बाढ़ एवं जलभराव से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर द्वारा लगातार राहत एवं बचाव कार्य जारी है। जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व में कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की मदद करने के साथ ही भोजन एवं आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने में जुटे हुए हैं।

इसी क्रम में बीती रात जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने स्वयं शहर के विभिन्न बाढ़ प्रभावित वार्डों एवं क्षेत्रों का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली तथा मौके पर ही जरूरतमंद परिवारों को भोजन एवं खाद्य सामग्री का वितरण किया।
बाढ़ के कारण जिन परिवारों को अपने घरों से सुरक्षित स्थानों एवं राहत शिविरों में जाना पड़ा था, उनके वापस लौटने के दौरान भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा लगातार सहयोग किया जा रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की स्थिति का जायजा लेने के साथ उनके सामने आ रही मूलभूत समस्याओं को संबंधित स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि संकट की इस घड़ी में कांग्रेस पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। बाढ़ से प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए कांग्रेस के कार्यकर्ता लगातार क्षेत्र में मौजूद रहकर यथासंभव सहायता उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहत कार्य केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों के साथ खड़े होने की जिम्मेदारी है और जब तक परिस्थितियां सामान्य नहीं हो जातीं, तब तक सेवा कार्य निरंतर जारी रहेगा।
उन्होंने कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बाढ़ प्रभावित परिवारों की जानकारी लेते रहें तथा जरूरतमंद लोगों तक भोजन, खाद्य सामग्री एवं अन्य आवश्यक सहायता पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रभावित वार्डों एवं क्षेत्रों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की टीम लगातार पहुंचकर लोगों की मदद कर रही है।

इस अभियान के दौरान समस्त कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्तागण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *