स्नेह और प्रोत्साहन से बढ़ा विशेष बच्चों का हौसला, प्रतिभाओं को मिला सम्मान

कवर्धा,,,28 सितंबर 2026। अंतरराष्ट्रीय बधिर दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय के समीपस्थ ग्राम सिंघनपुरी स्थित शासकीय दृष्टि एवं श्रवणबाधित विद्यालय में उत्साह, उमंग और आत्मीयता का माहौल रहा। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति विद्यालय पहुंचीं और अंतरराष्ट्रीय बधिर दिवस समारोह में शामिल होकर दृष्टिबाधित एवं श्रवणबाधित विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीयता से मुलाकात कर उन्हें स्नेह एवं दुलार दिया तथा उनकी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया।


अंतरराष्ट्रीय बधिर दिवस के अवसर पर विद्यालय में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को सामने लाने के लिए रंगोली एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी कल्पनाशीलता और कला प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रंगोली प्रतियोगिता में कमलेश्वरी ने प्रथम तथा हिमांशी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पेंटिंग प्रतियोगिता में भावेन्द्र साहू ने प्रथम तथा सत्यजीत बंजारे ने द्वितीय स्थान हासिल किया। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। पुरस्कार प्राप्त करते समय विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास नजर आया। कलेक्टर द्वारा उनकी प्रतिभा की सराहना किए जाने से विद्यार्थियों का उत्साह और बढ़ा।

पूरे मनोयोग से पढ़ाई करें, जीवन में आगे बढ़ें

कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने विद्यार्थियों को पूरे मनोयोग से अध्ययन करने और अपने जीवन में उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में अपनी अलग प्रतिभा होती है। आवश्यकता है कि उस प्रतिभा को पहचानकर निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ा जाए। उन्होंने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन उनकी शिक्षा और आवश्यक सुविधाओं के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास करेगा। उन्होंने विद्यालय की आवश्यकताओं के संबंध में भी जानकारी ली और विद्यार्थियों के हित में आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने की बात कही। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि वे आगामी दिनों में पुनः विद्यालय पहुंचकर उनसे रूबरू होंगी। उनके इस आश्वासन से विद्यार्थियों और शिक्षकों में भी उत्साह देखने को मिला।

सम्मान से मिला आत्मविश्वास, प्रोत्साहन से बढ़ी उम्मीद

अंतरराष्ट्रीय बधिर दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए केवल प्रतियोगिता और पुरस्कार तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्हें यह विश्वास दिलाने वाला अवसर बना कि उनकी प्रतिभा को पहचान और सम्मान देने के लिए समाज एवं प्रशासन उनके साथ है। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति की आत्मीयता, प्रोत्साहन और सहयोग के आश्वासन ने विद्यार्थियों के हौसले को नई मजबूती दी। रंगोली और पेंटिंग के रंगों में उभरी इन विशेष विद्यार्थियों की प्रतिभा ने यह संदेश दिया कि अवसर और प्रोत्साहन मिले तो हर प्रतिभा अपनी अलग पहचान बना सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *