आंगनबाड़ियों में खत्म हो गया चावल-दाल, भूखे रहते हैं बच्चे!
बकावंड। करपावंड सेक्टर के अंतर्गत आने वाले ज्यादातर आंगनबाड़i केंद्रों में चावल-दाल खत्म होने से हड़कंप मचा हुआ है। बच्चे दिनभर भूखे रहते हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने इसका कड़ा विरोध किया है।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि शासन द्वारा इतना कम चावल-दाल दिया जाता है कि आंगनबाड़ी में दर्ज बच्चों की संख्या के हिसाब से एक महीना भी पूरा नहीं हो पाता है। बाकी के दिनों में उन्हें खुद के पैसों से एडजस्ट करना पड़ता है। कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाया है कि आखिरकार आंगनबाड़ी का चावल जा कहां रहा है? इस गंभीर समस्या से बच्चों को भूखा रहने पर मजबूर होना पड़ रहा है और कार्यकर्ताओं को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई कार्यकर्ता आज अपनी जेब से खर्च कर बच्चों को खिला रहे हैं। इस मामले को लेकर करपावंड की सीडीपीओ आशा दास का कहना है कि एक सप्ताह के अंदर चावल वितरण कर दिया जाएगा, लेकिन सवाल यह है कि जब तक चावल नहीं पहुंचता, तब तक बच्चों का पोषण कैसे होगा? ग्रामीण बुधराम नेताम, नीलम कश्यप, महेश नेताम, प्रकाश नेताम, सरपंच जोगेंद्र भारती, कमल कश्यप, लखमू कश्यप, लक्ष्मीनाथ नेताम सुरेश नेताम ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द आंगनबाड़ियों में पर्याप्त मात्रा में चावल-दाल की आपूर्ति की जाए और इस लापरवाही पर जांच कराई जाए।
