बस्तर की युवतियों के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर, आज जगदलपुर में रोजगार मेला
जगदलपुर। बस्तर जिले की युवतियों को रोजगार से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की पहल पर 26 नवंबर को जगदलपुर में विशेष रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस रोजगार मेले के माध्यम से बेंगलुरु स्थित आईफोन निर्माण करने वाली कंपनी में असेंबली ऑपरेटर के पदों पर भर्ती की जाएगी।
जिला कौशल विकास प्राधिकरण के सहायक संचालक से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस भर्ती प्रक्रिया में केवल बस्तर जिले की युवतियां ही शामिल हो सकेंगी। इसके लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं कक्षा उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। ऐसे में जिले की वे युवतियां जो रोजगार की तलाश में हैं और निजी क्षेत्र में काम करने की इच्छुक हैं, उनके लिए यह एक अच्छा अवसर है। रोजगार मेले का आयोजन 26 नवंबर, गुरुवार को सुबह 10 बजे आड़ावाल स्थित जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज, जगदलपुर में किया जाएगा। इच्छुक एवं पात्र युवतियां निर्धारित समय पर आवश्यक शैक्षणिक एवं अन्य जरूरी दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर भर्ती प्रक्रिया में भाग ले सकती हैं। जिला प्रशासन ने जिले की पात्र युवतियों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और रोजगार मेले में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों। यह पहल स्थानीय युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।
