नगरीय निकाय चुनाव में बड़ी जीत के लिए भाजपा ने कसी कमर



बीजापुर। भाजपा मंडल भैरमगढ़ द्वारा नया बस स्टैंड भैरमगढ़ में दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दंतेवाड़ा विधायक एवं नगर पंचायत भैरमगढ़ चुनाव प्रभारी चैतराम अटामी ने क्षेत्रवासियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को दीपावली की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर क्षेत्र के वरिष्ठजनों का सम्मान कर उनसे आशीर्वाद लिया गया।
इस दौरान विधायक चैतराम अटामी ने अपने संबोधन में आगामी नगर पंचायत चुनाव की तैयारियों, संगठन की मजबूती और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार माताओं-बहनों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है। आवास योजना के तहत गरीब परिवारों को पक्के मकान, जल जीवन मिशन के माध्यम से घर-घर शुद्ध पेयजल, आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा तथा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत महिलाओं को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने का काम किया जा रहा है। इसके अलावा नियद नेल्लानार योजना और श्रीरामलला दर्शन योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से भी प्रदेश के विकास एवं जनकल्याण को नई दिशा मिल रही है।
प्रदेश सरकार 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी कर रही है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। अटामी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भैरमगढ़ और भोपालपटनम नगर पंचायत चुनाव के दौरान कांग्रेस ने अनेक घोषणाएं की थीं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद उन वादों को पूरा नहीं किया। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए विधायक श्री अटामी ने कहा कि उनकी सरकार ने गरीबों को चावल उपलब्ध कराने सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू कर प्रदेश के विकास को नई दिशा दी थी। पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से कहा कि दोनों नगर पंचायतों के चुनावों में भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संगठन के साथ काम करना होगा। समारोह में वरिष्ठजनों का सम्मान करना हमारी भारतीय संस्कृति, परंपरा और संस्कारों का प्रतीक है। जिला प्रभारी दीपेश अरोरा ने आगामी नगर पंचायत चुनाव की तैयारियों एवं गतिविधियों पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं को सक्रियता से काम करने का आह्वान किया। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रयास करना चाहिए। भाजपा जिला अध्यक्ष घासीराम नाग ने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की एकजुटता और आगामी चुनाव में बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया। मंडल अध्यक्ष चिन्नाराम तेलम ने अतिथियों एवं उपस्थित कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। इस अवसर पर समारोह में उपस्थित क्षेत्र के वरिष्ठजनों का अतिथियों द्वारा शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष एवं सह प्रभारी पायल गुप्ता, जिला महामंत्री संजय लुक्कड़, फूलचंद गागड़ा, वेंकट यालम, बलदेव उरसा, रिंकी परस्ते, जया देवी चिडेम, नीता शाह, माया झाड़ी, बी. पुष्पा राव, जिला पंचायत सदस्य शंकरैया माड़वी, सामंतीन कोरसा, सांसद प्रतिनिधि जिलाराम राणा, दशहरा प्रबुलिया, लव कुमार रायडू, उपाध्यक्ष जागेश्वर देवांगन, कोषाध्यक्ष सोनल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *