भाजपा नेता राव ने नगर पंचायत के निर्माण कार्यों पर उठाए सवाल



भोपालपटनम। बीजापुर जिले के भोपालपटनम नगर पंचायत क्षेत्र में इन दिनों चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। निर्माण कार्यों में तकनीकी निगरानी की कमी और निर्धारित मापदंडों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जिला भाजपा पिछड़ा वर्ग के महामंत्री कोयलकर श्रीनिवास राव ने संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया है। उन्होंने महतारी घाट शेड सहित नगर पंचायत क्षेत्र में चल रहे नाली निर्माण कार्यों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।


जारी प्रेस नोट में कोयलकर श्रीनिवास राव ने कहा है कि नगर पंचायत क्षेत्र में महतारी घाट शेड का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य का बेस तैयार करने में निर्धारित आकार की गिट्टी के स्थान पर बड़े-बड़े पत्थरों का उपयोग किया जा रहा है। इसके अलावा उन्होंने निर्माण में सीमेंट की मात्रा और निर्धारित मिश्रण अनुपात का भी समुचित पालन नहीं किए जाने की आशंका जताई है। निर्माण स्थल पर गड्ढे की लंबाई, चौड़ाई और गहराई को लेकर भी निर्धारित तकनीकी मापदंडों के पालन पर सवाल उठाए गए हैं। इसी तरह नगर पंचायत क्षेत्र में चल रहे नाली निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई है। आरोप है कि निर्माण कार्यों में तकनीकी मानकों और गुणवत्ता का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा जा रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि सार्वजनिक धन से कराए जा रहे इन निर्माण कार्यों की तकनीकी निगरानी आखिर किसके द्वारा की जा रही है? प्रेस नोट में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित इंजीनियर के अवकाश पर होने की जानकारी सामने आ रही है। यदि संबंधित इंजीनियर अवकाश पर हैं, तो निर्माण कार्यों का तकनीकी लेआउट किस अधिकारी या कर्मचारी द्वारा दिया जा रहा है और कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी की जिम्मेदारी किसे सौंपी गई है? यह स्पष्ट किया जाना आवश्यक है। कोयलकर श्रीनिवास राव ने मांग की है कि नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी तत्काल निर्माण स्थलों का निरीक्षण करें और महतारी घाट शेड सहित सभी निर्माण कार्यों में उपयोग की जा रही निर्माण सामग्री, सीमेंट की मात्रा, मापदंडों तथा तकनीकी गुणवत्ता की जांच कराएं। यदि जांच में अनियमितता सामने आती है, तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर खर्च की जा रही सरकारी राशि जनता की मेहनत की कमाई है। इसलिए निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है। समय रहते निर्माण कार्यों की जांच नहीं की गई तो भविष्य में घटिया निर्माण के कारण सरकारी धन की बर्बादी के साथ आम नागरिकों को भी परेशानी उठानी पड़ सकती है। अब देखना यह होगा कि नगर पंचायत प्रशासन इन आरोपों को कितनी गंभीरता से लेता है और संबंधित निर्माण कार्यों की तकनीकी जांच कराकर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *