बाल विवाह एवं बाल शोषण के खिलाफ अभियान



जगदलपुर। बाल विवाह, पॉक्सो अधिनियम, गुड टच-बैड टच तथा बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से 27 नवंबर को जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर बाल कल्याण समिति (न्यायपीठ) जिला बस्तर के अध्यक्ष नरेंद्र पाणिग्रही, सदस्य रामकृष्ण ठाकुर एवं वर्षा श्रीवास्तव, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग मनोज सिन्हा, जिला बाल संरक्षण अधिकारी डॉ. विजय शंकर शर्मा, एलपीओ संतोष वैद्य तथा पीओएनआईसी गुलशन भारिया ने रवाना किया।
यह जागरूकता अभियान बस्तर सामाजिक जन विकास समिति द्वारा संचालित चाइल्ड डेवलपमेंट प्रोग्राम के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। संस्था के सचिव डॉ. सुशील कुमार पांडेय के मार्गदर्शन एवं फील्ड ऑफिसर डॉ. नारायण दास पंथ के नेतृत्व में अभियान का संचालन किया जा रहा है।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने, बच्चों को लैंगिक अपराधों से संरक्षण प्रदान करने तथा उनके साथ होने वाले शोषण एवं दुर्व्यवहार की पहचान और रोकथाम के लिए समुदाय स्तर पर व्यापक जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर जोर दिया। शुभारंभ के पश्चात जागरूकता रथ ने ग्राम हाट कचोरा, बाबूसेमरा एवं धुरगुड़ा का भ्रमण कर ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों, गुड टच-बैड टच, बाल अधिकारों एवं बाल संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। इस दौरान ग्रामीणों को बाल विवाह एवं बाल शोषण की घटनाओं की रोकथाम, ऐसी घटनाओं की जानकारी संबंधित विभागों एवं बाल संरक्षण तंत्र तक पहुंचाने तथा बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण निर्मित करने के प्रति जागरूक एवं प्रेरित किया गया। संस्था की यह पहल समुदाय, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागों की सहभागिता से बाल अधिकारों की रक्षा, बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण तथा बच्चों के लिए सुरक्षित एवं संरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *