खुद की आंखें छलकी जा रही हैं, फिर भी दूसरों के आंसू पोंछ रहे हैं बस्तर सांसद महेश कश्यप!
-अर्जुन झा-
जगदलपुर। भरी जवानी में छोटे भाई का निधन, पूरे परिवार की जिम्मेदारी सिर पर, छलकी जा रही हैं खुद की आंखें फिर भी अपनी राह से जरा भी नहीं डिगे हैं बस्तर के सांसद महेश कश्यप, वे दूसरों के आंसू पोंछने में व्यस्त नजर आ रहे हैं इन दिनों।
. भारतीय जनता पार्टी के ध्येय वाक्य ‘राष्ट्र प्रथम और जनसेवा ही उद्देश्य’ पर चलते हुए बस्तर लोकसभा क्षेत्र के भाजपा सांसद महेश कश्यप अपने छोटे भाई के निधन से गहरे पारिवारिक शोक में हैं। इस दुःखद घटना के दूसरे दिन से ही उन्होंने जनसेवा के अपने दायित्वों को प्राथमिकता देते हुए अपने निवास पर पहुंचने वाले बस्तरवासियों से मुलाकात और उनकी समस्याओं के निराकरण का क्रम जारी रखा है।जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी माताजी के निधन के बाद भी जनसेवा और राष्ट्र सेवा की राह नहीं छोड़ी, जिस तरह उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अपनी माताजी के निधन के तुरंत बाद जनता के दुख दर्द में हाथ बंटाना शुरू कर दिया था, उसी तरह बस्तर के सांसद महेश कश्यप भी भाई के विरह के दुख में घिरे होने के बाद भी जनसेवा की राह नहीं छोड़ी है। वे लोगों की समस्याओं, मांगों और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों को गंभीरता से सुन रहे हैं। सांसद श्री कश्यप स्वयं लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ले रहे हैं तथा संबंधित विषयों पर आवश्यक पहल करते हुए उनका निराकरण कर रहे हैं। व्यक्तिगत जीवन के इस कठिन और भावनात्मक समय में भी जनता के लिए उपलब्ध रहना उनके सार्वजनिक जीवन की जिम्मेदारी, बस्तरवासियों के प्रति आत्मीय जुड़ाव और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। आंखें भले ही भर आई हैं, दूसरों के आंसू पोंछना सचमुच सबसे बड़ी साधना, सबसे बड़ी तपस्या है। बस्तरवासी खुशकिस्मत हैं कि उन्हें ऐसा सेवाभावी सांसद मिला है।
