ग्राम पंचायत बड़े सुरोखी में घर पहुंच किया पेंशन भुगतान
दन्तेवाड़ा :- कलेक्टर महोदय के निर्देश के अनुपालन में ग्राम पंचायत बड़े सुरोखी में आज बैंक सखी के द्वारा घर पहुँच पेंशन भुगतान किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा हितग्राहियों को पेंशन राशि डीबीटी माध्यम से सीधे उनके खाते में अंतरित की जाती है। चूँकि ग्राम पंचायत बड़े सुरोखी से बैंक की दूरी अधिक होने के कारण हितग्राहियों को बैंक तक पहुँचने मे काफ़ी परेशानी होती है। इसी परेशानी को दूर करने तथा समय पर हितग्राहियों को नगद राशि उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में बैंक संगवारी तुमचो दुआर के तहत दंतेश्वरी माई मितान के रूप मे अधिकृत बैंक सखियों के माध्यम से भुगतान कराया जाता है। बड़े सुरोखी में सामाजिक सहायता योजना (निराश्रित पेंशन) के कुल 170 हितग्राही हैं जिसमें से आज 80 हितग्राहियों को घर पहुँच पेंशन की सुविधा देते हुए भुगतान किया गया। एक दिव्यांग पेंशन हितग्राही श्रीमती सुकी वेट्टी को उनके घर पर ही पेंशन राशि के साथ वॉकिंग स्टिक भी प्रदान किया गया। घर पहुँच पेंशन राशि मिलने से हितग्राहियों द्वारा जिला प्रशासन के साथ साथ छत्तीसगढ़ सरकार धन्यवाद ज्ञापित किया।
