माओवादी प्लाटून नम्बर 50 की “ए” सेक्शन टीम की महिला कमांडर सरिता ने किया समर्पण, तीन लाख रुपये का इनाम था घोषित
बीजापुर :- पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुंदरराजन पी , उप महानिरीक्षक दन्तेवाड़ा कमलोचन कश्यप के दिशा निर्देशन में चलाए जा रहे माओवादी उन्मूलन अभियान व सरकार की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर माड़ डिवीजन अंतर्गत कुतुल एरिया कमेटी के मिलेट्री प्लाटून नम्बर 50 की “ए” सेक्शन टीम की कमांडर सरिता सोढ़ी पिता लालू सोढ़ी उम्र 27 वर्ष, जाती मुरिया, निवासी मंदिपारा सोमलूर थाना गीदम, जिला दन्तेवाड़ा द्वारा बुधवार 13 जुलाई को उप पुलिस महानिरीक्षक सीआरपीएफ कोमल सिंह, पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय के समक्ष माओवादी विचार धारा , जीवन शैली, भेदभाव पूर्ण व्यवहार एवं प्रताड़ना से तंग आकर आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा से जुड़ गई है । छत्तीसगढ़ सरकार की माओवादी समर्पण नीति के तहत उक्त महिला माओवादी पर तीन लाख रुपये का इनाम घोषित था । समर्पण के पश्चात उत्साह वर्धन हेतु शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत 10000(दस हजार) रुपये नगद प्रोत्साहन राशि प्रदाय किया गया ।
सरिता वर्ष 2005 में बेलनार पंचायत अंतर्गत पोनड़वाया बाल संघम के रूप में भर्ती होकर माओवादी संगठन में कार्य करने लगी । वर्ष 2016 में प्लाटून नम्बर 16 के पार्टी सदस्य का कार्य सौंपा गया, जहां अन्य सदस्यों के साथ प्रशिक्षण के लिए जटवाया भेजा गया । प्रशिक्षण उपरांत माड़ डिवीजन टेलर टीम डीव्हीसीएम जानकी के गनमेन का काम दिया गया । वर्ष 2019 में प्लाटून नम्बर 50 कक सदस्य का कार्य दिया गया, वर्ष 2020 जुलाई से माड़ डिवीजन कुतुल एरिया कमेटी अंतर्गत प्लाटून नम्बर 50 के “ए” सेक्शन का कमांडर बनाया गया । नवम्बर 2021 में माड़ डिवीजन से गडचिरोली महाराष्ट्र के सीसी दीपक टेलतुमड़े के गनमेन की ड्यूटी दी गई थी ।
सरिता सोढ़ी माओवादी संगठन में रहते हुए 13 मार्च 2013 को राजनांदगांव जिला के थाना मानपुर के औंधी कैम्प पर अटेक, मिरतुर थाना अटेक, नारायणपुर जिले के कुकडाझोर केम्प अटेक, रेल पटरी में आईईडी लगा कर विस्फोट करने, जून 2019 में परलकोट एरिया के ग्राम टोन्डा वेडा में जन अदालत लगाकर 09 व्यक्तियों के हत्या जैसे कई गम्भीर अपराधों में शामिल थी ।
