बाढ़ प्रभावितों की मदद करने पूर्व वन मंत्री गागड़ा भी आये आगे, क्षेत्र का दौरा कर कपड़े, राशन और बर्तन जैसी आवश्यक सामानों का किया वितरण
भोपालपटनम (जरखांन) :- क्षेत्र के तारलागुड़ा इलाके में आई बाढ़ के बाद प्रभावितों तक मदद के लिए हाथ बढ़ने लगे हैं, मंगलवार को पूर्व मंत्री महेश गागडा पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बाढ़ ग्रस्त इलाकों के दौरे पर थे, इस दौरान उन्होंने बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित कांदला, अटूकपल्ली के ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी मदद करते राशन कपड़े बर्तन जैसी आवश्यक समान बांटा ।

बता दें कि पिछले दिनों आई भीषण बाढ़ में कांदला अटूकपल्ली गांव पूरी तरह से जलमग्न हो गया था, गांव वालों ने पहाड़ियों पर पहुंचकर किसी तरह अपनी जान बचाई थी, हालांकि अब बाढ़ का पानी कम हो रहा है लेकिन दोबारा बाढ़ की दहशत के चलते ग्रामीण अब गांव लौटना नहीं चाहते लिहाजा पहाड़ियों पर आसरा लिए ग्रामीणों ने तारलागुड़ा मुख्य सड़क किनारे उन्हें जमीन मुहैया कराने की मांग की है । लेकिन वन विभाग ने ग्रामीणों को जमीन देने से इंकार कर दिया है, यह बातें आज पूर्व मंत्री के समक्ष ग्रामीणों ने कही । इस पर पूर्व मंत्री ने अपने स्तर पर पहल करने का भरोसा दिया है ।

पूर्व मंत्री महेश गागड़ा सबसे पहले उस पहाड़ी पर पहुंचे थे जहां कांदला अटूकपल्ली के ग्रामीण पनाह लिए हुए हैं, कीचड़ सनी सड़क और पथरीली पगडंडियों साथ साथ बाढ़ के पानी को पार करते हुए कंधों पर राशन लांदकर पहुंचे । वहां ग्रामीणों से काफी देर तक चर्चा के बाद हर संभव मदद का भरोसा उन्होंने दिया उनके पहुंचने पर गांव वालों का दर्द छलक पड़ा, आसमानी आफत से मची तबाही का जिक्र करते प्रभावितों ने उनसे मदद की गुहार लगाई इसके बाद वे तारलागुडा की ओर रवाना हुए जहां पोटा केबिन से लेकर कस्बे के कई मकान बाढ़ की जद में आ गए थे ।
