बड़ी खबर :- आत्म समर्पित माओवादी की हत्या, माओवादियों के द्वारा किये जाने की आशंका, मृतक तीन माह पूर्व ही किया था समर्पण
बीजापुर :- जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के पोन्दुम में आत्म समर्पित माओवादी की निर्ममता पूर्वक हत्या कर शव को फेंक दिया गया है । शव के पास मिले साक्ष्य से घटना को माओवादियों द्वारा अंजाम दिए जाने की आशंका व्यक्त किया जा रहा है ।
पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय ने बताया कि मृतक बामन पोयाम माओवादी संगठन में मिलिशिया सदस्य के रूप में कार्य करने के दौरान तीन माह पूर्व आत्म समर्पण कर मुख्यधारा से जुड़ चुका था । समर्पित माओवादी बामन पोयाम की आज भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के पोन्दुम में अज्ञात लोगों के द्वारा हत्या कर दी गई है । मृतक के हांथ पांव में रस्सी के निशान और शरीर में चाकू से हमला किये जाने के निशान पाए गए हैं, जिससे इस घटना को माओवादियों द्वारा अंजाम दिए जाने की आशंका है । हालांकि शव के पास किसी तरह का माओवादी पर्चा नही पाया गया है । पुलिस मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में जुट गई है ।
