धर्म और आस्था के नाम पर फरेब करती है भाजपा : मंत्री लखमा



जगदलपुर :- फिल्म आदिपुरुष के विरोध को लेकर प्रदेश के आबकारी एवं उद्योग मंत्री कवासी लखमा ने भाजपा के खिलाफ तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि भाजपा इस फिल्म की आड़ में राजनैतिक नौटंकी कर रही है। यह पार्टी धर्म और आस्था के नाम पर जनता के साथ फरेब करती है। चुनावों के दौरान भाजपा भगवान राम, हनुमान के नाम पर वोट मांगती है, लेकिन कर्नाटक के चुनावों ने बता दिया है कि भगवान राम और हनुमान जी भी भाजपा के साथ नहीं हैं।

हफ्तेभर के बस्तर दौरे पर बुधवार को जगदलपुर पहुंचे मंत्री कवासी लखमा ने मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा में यह बात कही। फिल्म आदिपुरुष के विरोध से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा हम लोग, हमारी कांग्रेस और सरकार भगवान को मानने वाली हैं। हम लोगों ने माता कौशिलिया का मंदिर बनवाया, हम देवगुड़ी को मानते हैं। हम भगवान राम को मानने वाले लोग हैं। भाजपा को तो श्रीराम केवल चुनाव के समय याद आते हैं। मंत्री ने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार है, सेंसर बोर्ड उनका है। सेंसर बोर्ड ने फिल्म को सर्टिफिकेट दिया है। यहां फिल्म का विरोध करेंगे, वहां बोर्ड में पास भी करेंगे। ऐसा दोहरा मापदंड नहीं चल सकता। कवासी लखमा ने कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव में देश के प्रधानमंत्री जनता से हनुमान जी के नाम पर भाजपा के लिए वोट मांग रहे थे। चुनाव परिणाम ने बता दिया कि भाजपा के साथ राम, हनुमान कोई भी नहीं है। इस तरह का प्रोपेगंडा ज्यादा दिन नहीं चलता। हनुमान ने कर्नाटक में कांग्रेस का साथ दिया। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के संदर्भ में मंत्री श्री लखमा ने कहा कि मंदिर सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर बन रहा है, न कि केंद्र सरकार के निर्देश पर। देश की जनता सुप्रीम कोर्ट पर विश्वास करती है। मंदिर निर्माण का श्रेय भाजपा को नहीं जाता। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने अयोध्या में राम मंदिर का ताला खुलवाया था। पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव के समय बाबरी मस्जिद गिराई गई। मंदिर सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर बन रहा है, इसलिए इसमें भाजपा का कोई रोल ही नहीं है। कवासी लखमा ने कहा कि धर्म के प्रति सच्ची आस्था कैसी होनी चाहिए, यह हमारे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और हमारी कांग्रेस सरकार ने दिखा दिया है। चंदखुरी में माता कौशिल्या के मंदिर का निर्माण, श्रीराम वनगमन पथ का निर्माण कराकर हमारी सरकार ने धर्म के नाम पर फरेब करने वाली भाजपा को सही मायने में आईना दिखा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *