करपावंड के गांवों में बिक रही ओड़िशा मप्र की शराब



इन राज्यों की अंग्रेजी शराब की हो रही धड़ल्ले से बिक्री

बकावंड :- विकासखंड बकावंड के करपावंड थाना क्षेत्र में शराब तस्कर और कोचिए सक्रिय हैं। ये लोग ओड़िशा और मध्यप्रदेश की शराब गांव – गांव में खपा रहे हैं। पुलिस की मिलीभगत से यह खेल चल रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि करपावंड अंचल में अनेक शराब तस्कर सक्रिय हैं, जो मध्यप्रदेश और ओड़िशा में बनी अंग्रेजी शराब को तस्करी के जरिए लाकर कोचियों के माध्यम से ग्राम पंचायत करपावंड समेत अन्य गांवों में बिकवा रहे हैं। यह शराब यहां मिलने वाली देसी शराब से कम कीमत में बेची जाती है। वहीं देसी शराब के लिए ग्रामीणों को बकावंड अथवा अन्य स्थानों पर जाना पड़ता है। जबकि ओड़िशा और मध्यप्रदेश से तस्करों द्वारा लाई गई शराब उन्हें गांव में ही कम दर पर मिल जाती है। लिहाजा यहां बाहर की शराब की खपत काफी बढ़ गई है। सूत्र बताते हैं कि इन तस्करों ने करपावंड पुलिस को सेट कर लिया है। वे पुलिस वालों को हर माह मोटी रकम भेंट करते हैं। इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती। गांव-गांव के होटलों, पान ठेलों एवं किराना दुकानों में अवैध अंग्रेजी शराब पुलिस की नाक के नीचे धड़ल्ले से बिक रही है। इस पर रोक लगाने के बजाय कंरपावड पुलिस ने शराब तस्करी की छूट दे रखी है।उड़ीसा से सड़क मार्ग द्वारा अंग्रेजी शराब की खेप करपावंड के गांवों पहुंचती है।

इन गांवों के रास्ते होती है शराब तस्करी
शराब तस्कर करपावंड थाना क्षेत्र के अंदरूनी गांवों के रास्ते शराब की तस्करी करते हैं।कौसागुमड़ा, आवरी, संतोषपुर, जतगिरी, गिरोला होते हुए शराब तस्कर अंग्रेजी शराब को करपावंड लाकर खपा रहे हैं। पुलिस को इसकी जानकारी होने के बावजूद वह आंख मूंदकर बैठी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *