बड़े बकायादारों की संपत्ति को कुर्क करेगा नगर निगम
वसूली में लापरवाही न करने की दी हिदायत
जगदलपुर। नगर निगम के बड़े बकायादारों की संपत्ति कुर्क की जाएगी। इसके पहले ऐसे बकायादारों को नोटिस जारी किया जाएगा।
गुरुवार को नगर निगम कार्यालय में निगम आयुक्त हरेश मंडावी ने निगम राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक लेकर वार्डवार राजस्व वसूली की समीक्षा की। आयुक्त ने राजस्व की कम वसूली पर एक सहायक राजस्व निरीक्षक का वेतन रोकने व एक सहायक राजस्व निरीक्षक को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। आयुक्त श्री मंडावी ने निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व वसूली में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सालों से करों की अदायगी नहीं कर रहे शहर के बड़े बकायादारों के खिलाफ कुर्की नोटिस जारी करने का निर्देश राजस्व अधिकारी को दिया। सभी सहायक राजस्व निरीक्षकों को अपने अपने वार्ड की वसूली में सुधार लाने कहा गया। साथ ही आयुक्त ने वार्डो में राजस्व वसूली मे संतोषजनक पाए जाने पर सहायक राजस्व निरीक्षकों के कार्य की सराहना भी की। उन्होंने सभी 48 वार्डों से वार्डवार समेकित व संपत्ति कर, यूजर चार्ज की वसूली की जानकारी संबंधित सहायक राजस्व निरीक्षको से ली।आयुक्त श्री मंडावी ने सहायक राजस्व निरीक्षकों को शत प्रतिशत वसूली करने का निर्देश दिया। साथ ही निगम की राजस्व वसूली मे तेजी लाने वार्डो मे घर घर जाकर समेकित व संपत्ति कर की वसूली सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली मे लापरवाही हरगिज बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राजस्व विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों से वसूली के संबंध मे विस्तृत से चर्चा कर वसूली में तेजी लाने की बात कही। आयुक्त हरेश मंडावी ने कहा कि राजस्व अधिकारी वसूली की समीक्षा कर सहायक राजस्व निरीक्षक से वसूली की जानकारी लेते रहें। हर वार्ड में घर घर जाकर समेकित व संपत्ति कर की वसूली मे तेजी लाएं। वसूली शत प्रतिशत न होने पर संबंधित सहायक राजस्व निरीक्षक पर कार्रवाई की जाएगी। आयुक्त ने निगम की दुकानों के किराए की भी वसूली में तेजी लाने तथा जो किराया नही दे रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। बैठक में राजस्व अधिकारी मीनाक्षी नाग, वेदप्रकाश तिवारी, कुलदीप पाणिग्रही व समस्त सहायक राजस्व निरीक्षक उपस्थित थे।
