हम झूठे वादे नहीं करते, अपना कहा पूरा करते हैंराहुल गांधी



मणिपुर में नफरत फैला रही भाजपा, यही उसका चरित्र

रायपुर :- कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने कहा कि हमारी सरकार ने छत्तीसगढ़ में किसानों को धान का वाजिब दाम दे रही है। आज आप सभी प्रदेशों को देख लीजिए, लिस्ट निकालिए, धान की सबसे ज्यादा कीमत कहां मिलती है, जवाब मिल जाएगा छत्तीसगढ़। हमने किसानों से किया वादा पूरा कर दिया है। जहां भी हम जाते हैं, वादा निभाते हैं।
सांसद राहुल गांधी ने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा और मोदी 2- 3 अरबपतियों के लिए काम करते हैं। पीएम मोदी को बताना चाहिए कि वे अडानी के खिलाफ जांच क्यों नहीं कराते? कांग्रेस झूठे वादे नहीं करती।
राजीव युवा मितान क्लब सदस्यों के सम्मेलन में शामिल होने नवा रायपुर के मेला ग्राऊंड पहुंचे राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार मणिपुर में नफरत फैला रही है। भाजपा जहां भी नफरत फैलाएगी, कांग्रेस कार्यकर्ता वहां जाकर प्यार बांटेंगे और जोड़ने का काम करेंगे। भाजपा का काम नफरत फैलाना है, कांग्रेस का काम प्यार की दुकान खोलना है। हम सबसे पहले हिंदुस्तानी हैं। हम सबको एक दूसरे के साथ जुड़कर मोहब्बत और इज्जत के साथ रहना है। यह सबसे पुराना मैसेज है, जिसे हमने भारत जोड़ो यात्रा में दिया। मैं जहां भी जाता हूं, युवाओं से पूछता हूं कि आपकी सबसे बड़ी मुश्किल क्या है। वे बोलते हैं बेरोजगारी। मैंने भूपेश बघेल से कहा, छत्तीसगढ़ में अलग-अलग स्किल हैं। हर जिले में आप कुछ अलग सा बनाते हो, छोटे उद्यमियों को बैंक लिंकेज नहीं मिल पाता। मैंने मुख्यमंत्री से कहा कि आपका फोकस इन पर होना चाहिए। इसकी मार्केटिंग हो। मुझे खुशी है कि उन्होंने इस पर काम शुरू कर दिया है, इससे लाखों युवाओं को रोजगार मिलेगा। इस दौरान प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव, पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज, प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी संगठन एवं प्रशासन मंत्री मलकीत सिंह गैदू मौजूद थे।

हम भाजपा जैसे झूठे नहीं,
कांग्रेस झूठा वादा नहीं करती
राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा, कांग्रेस जनता से झूठा वादा नहीं करती। कांग्रेस जनता के खाते में 15 लाख डालने जैसे झूठे वादे कभी नहीं करती। हमने छत्तीसगढ़ में किसानों को धान की सही कीमत दी। छत्तीसगढ़ के किसानों को किसी भी अन्य राज्य की तुलना में धान के लिए सबसे अधिक एमएसपी मिल रहा है। पीएम मोदी यहां आए और कहा कि कांग्रेस यह नहीं कर पाएगी, लेकिन हमने अपना वादा पूरा किया। हम 15 लाख नकद देने का वादा नहीं करते। मोदी ने वादा किया था कि काला धन भारत लाया जाएगा और हर व्यक्ति को 15 लाख नकद दिए जाएंगे। इसके बजाय करोड़ों रुपये बाहर भेज दिए गए। वह काला धन कहां है, जो वापस आना चाहिए था। हमने किसानों के कर्ज माफ किए, बिजली बिल हाफ किए। भीषण उमस के बावजूद भारी संख्या में लोगों के सम्मेलन में पहुंचने पर सांसद राहुल गांधी ने उनका आभार जताया। उन्होंने कहा, आप सभी का यहां स्वागत है। इतनी गर्मी में आप आए, अपना कीमती समय दिया, इसके लिए मैं आपका आभारी हूं। हमारा काम लोगों को जोड़ने का है, नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने का है। हमने छत्तीसगढ़ में जो वादे किए थे, वो पूरे किए। किसानों को सही दाम दिए। कर्ज माफ किए और बिजली बिल हाफ कर दिया।


छ्ग को लाजिस्टिक सेंटर बनाएं
इंफ्रास्ट्रक्चर पर बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा, छत्तीसगढ़ देश का केंद्र है। आपको देश का लाजिस्टिकल सेंटर बनना चाहिए। आप इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कीजिए, ताकि छत्तीसगढ़ हिंदुस्तान का लाजिस्टिक सेंटर बन पाए। आप दुनिया को छत्तीसगढ़ से जोड़िए, इससे छत्तीसगढ़ के प्रोडक्ट केवल भारत ही नहीं, दुनिया में भी जाएंगे।

प्रदेश को चलाने में आगे आएं युवा
युवा शक्ति का आह्वान करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि आप सभी की बड़ी जिम्मेदारी है। प्रदेश को चलाने के लिए आप आगे आइए। आप आगे बढ़िए, इसलिए ही हमने राजीव युवा मितान क्लब आपके लिए बनाए हैं। हर क्लब को एक लाख रुपए मिल रहे हैं। तीन लाख युवाओं को हमने क्लब से जोड़ा है। हमने इन्हें इसलिए जोड़ा है, ताकि आप इस प्रदेश को चलाने में भाग लें। हम आपके लिए राजनीति के दरवाजे खोलना चाहते हैं। कुछ सालों में आपके बीच से ही एमएलए, प्रधान चुन कर आएंगे।

आदिवासियों के हक की रक्षा कर रहे
श्री गांधी ने कहा कि आदिवासियों के लिए हमने पेसा कानून लाकर उनकी जमीन की रक्षा की। इस देश की धरती के सबसे पहले आप मालिक थे। इसलिए जमीन, जंगल, जल पर आपका हक बनता है। हम उनके अधिकारों की रक्षा कर रहे हैं। भाजपा उनके लिए वनवासी शब्द का इस्तेमाल करती है। इस शब्द के पीछे उनकी गलत सोच है। भाजपा कहती है, वे सिर्फ जंगल में रहें, आगे ना बढ़ें। कांग्रेस सरकार कहती है कि जंगल के साथ उन्हें अपने सपने पूरे करने का भी हक है।
सरकारी नौकरी में स्टायफंड प्रथा खत्म: भूपेश
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश सरकार की योजनाएं गिनाते हुए कहा कि पांच साल पहले जब राहुल गांधी आए थे, तो उन्होंने कहा था कि ऐसी योजनाएं बनाएं, जिससे आम आदमी, आदिवासियों, किसानों को लाभ हो। हमने ऐसी योजनाएं बनाई जिससे लोगों को लाभ हुआ। किसानों को लाभ मिला। छत्तीसगढ़ में हम प्रतियोगी परीक्षाओं की फीस नहीं लेते। पूरे छत्तीसगढ़ की जनता का भरोसा हमारे साथ है। युवा राष्ट्र की संपत्ति है और इस ऊर्जा का सही उपयोग हमें करना है। हम युवाओं को बेरोजगारी भत्ता भी दे रहे हैं। हम लोगों को अधिकार संपन्न बनाते हैं। पंडित नेहरू से लेकर मनमोहन सिंह तक जब भी हमें अवसर मिला, लोगों को ताकत देने का काम किया है। वहीं मुख्यमंत्री ने राजीव युवा मितान सम्मेलन में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि सरकारी नौकरी में नई नियुक्तियों के लिए 70, 80, 90 प्रतिशत स्टायफंड समाप्त किया जाता है।

कमल पर बटन दबा तो अडानी निकलेगा
मुचयमंत्री ने कहा, दुर्भाग्य से देश की बागडोर नफरत फैलाने वालों के हाथ में है, लेकिन हमारी सोच वैसी नहीं है। भाजपा की सरकार उद्योगपतियों के लिए काम करती है। कांग्रेस सरकार जनता के लिए काम करती है। कोयला खदानों जैसी छत्तीसगढ़ की कई संपदा को लूटने नहीं देंगे। भाजपा सिर्फ लूट रही है। छत्तीसगढ़ सरकार युवाओं को रोजगार की व्यवस्था कर रही है। कांग्रेस को वोट दोगे तो गरीबों का भला होगा, किसान की उन्नति होगी। महिलाओं का सम्मान होगा, युवाओं का भविष्य सुधरेगा। कमल पर बटन दबा तो वीवीपेट से अडानी निकलेगा। आने वाले पांच वर्षों में छत्तीसगढ़ कांग्रेस सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि 12-15 लाख लोगों को रोजगार मिले। यह युवाओं का देश है। जब युवा शक्ति एक साथ होती है तो नई ऊर्जा का जन्म होता है। आज इस युवा ऊर्जा को दिशा देने के लिए हमारे पास राहुल गांधी हैं।

अबकी बार 75 पार : दीपक बैज
दीपक बैज ने कहा, प्रदेश के युवा राहुल गांधी के मार्गदर्शन पर काम करना चाहते हैं। छत्तीसगढ़ में फिर से कांग्रेस की सरकार बनेगी और इस बार हम 75 से भी ज्यादा सीटें जीतेंगे। हमारी सरकार गांव- गरीब की सरकार होगी।युवाओं, किसानों, आदिवासियों और पिछड़ों की सरकार होगी। साथ ही युवाओं के साथ मिलकर कांग्रेस फिर 75 से ज्यादा सीट जीतेगी। राजीव युवा मितान क्लब में बेहतर काम करने वाले 5 क्लबों को सम्मानित किया गया। साथ ही सीधी भर्ती से नियुक्त 2000 शिक्षकों को नियुक्ति दी गई। प्रतीकात्मक रूप से बीस शिक्षकों को मंच से नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *