गड़बड़ी से नाराज ग्रामीणों ने रोका मिनी स्टेडियम का काम
आरईएस विभाग द्वारा छोटे देवड़ा में कराया जा रहा है स्टेडियम का निर्माण
बकावंड :- विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत छोटे देवड़ा में कराए जा रहे मिनी स्टेडियम निर्माण पर ग्रामीणों ने रोक लगा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण स्तरहीन कराया जा रहा है। मिनी स्टेडियम में जो भवन बनाया जा रहा है उसके कॉलम और बीम झुक गए हैं। ऐसे में भवन के ढह जाने की प्रबल संभावना है।
बस्तर जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफटी) मद से बकावंड विकासखंड की ग्राम पंचायत छोटे देवड़ा में मिनी स्टेडियम निर्माण के लिए 48.26 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति बीते साल 8 अगस्त को मिली थी। निर्माण एजेंसी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग (आरईएस) संभाग जगदलपुर को बनाया गया है। निर्माण कार्य 1 जनवरी 2023 से आरंभ कर आठ माह में पूर्ण करना है, लेकिन आरंभिक कार्य ही पूर्ण नहीं हो पाया है। आरइएस ने कार्य का ठेका एक ठेकेदार को दे रखा है। आरोप है कि ठेकेदार द्वारा विभागीय अधिकारियों के संरक्षण में घटिया स्तर का निर्माण कराया जा रहा है। मिनी स्टेडियम परिसर में अभी स्टोर रूम, ड्रेसिंग रूम का निर्माण हो रहा है। इसमें हल्के स्तर की सीमेंट, छड़ आदि का तो उपयोग किया ही गया है, कॉलम और बीम भी लापरवाही पूर्वक बनाए गए हैं। कॉलम और बीम टेढ़े नजर आ रहे हैं। इसे देखते हुए ग्रामीण इस भवन के जल्द ढह जाने का अंदेशा जता रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर खेल गतिविधियां जारी रहने के दौरान भवन ढह गया तो, बड़ी जनहानि हो सकती है। ग्रामीणों लोगों ने एकजुट हो 19 सितंबर को मौके पर पहुंचकर कार्य पर रोक लगा दी। ग्रामीणों का कहना है कि भवन को तोड़कर नए सिरे से निर्माण कराया जाए। ग्रामीणों ने 20 सितंबर को आरईएस के इंजीनियर को भी गांव में बुलाया था और उनके समक्ष कार्य की गुणवत्ता को लेकर जमकर नाराजगी जताई। निर्माण पर सवाल उठाने वालों में मदन, नारायण, पांचखोड़ी, रुसब, लछिम, लेखराम, मानसिंह, दामू मुन्ना, बादू, डोकरा, लखे, लखीराम व अन्य ग्रामीण शामिल हैं।
