राज्य को स्वस्थ, समृद्ध खुशहाल बनाएगी कांग्रेस – दीपक बैज
रायपुर :- प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दीपक बैज ने धरसींवा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी छाया वर्मा के पक्ष में मोर्चा सम्हाल लिया। उन्होंने धरसींवा के ग्राम कुंरा में चुनाव प्रचार कर सभा को संबोधित किया।
पीसीसी चीफ दीपक बैज ने प्रचार के दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी कांग्रेस की सरकार ने भरोसे का घोषणा पत्र लाया है। सभी वर्गों को दो सौ यूनिट बिजली फ्री, किसानों का कर्जा माफ, 32 सौ रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, केजी से पीजी तक स्कूलों और कॉलेजों में निशुल्क शिक्षा, गैस सिलेंडर पर माताओं एवं बहनों को 500 रुपए की सब्सिडी, बीपीएल परिवारों को 10 से 15 लाख रुपए तक की मुफ्त इलाज की सुविधा, 17.5 लाख गरीब परिवारों को आवास देने, स्व सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं का कर्ज माफ करने की बात हमारे घोषणा पत्र में है। श्री बैज ने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र छत्तीसगढ़ को स्वस्थ, समृद्ध, खुशहाल व शिक्षित बनाने का वादा करता है।क्योंकि कांग्रेस जो कहती है वो करती है। हमारी सरकार घोषणा पत्र के अनुरूप सार्थक कदम उठाएगी और इसका सीधा लाभ छत्तीसगढ़ के हर वर्ग की जनता को मिलेगा। इस दौरान श्री बैज ने कांग्रेस सरकार की रीति नीति से अवगत कराते हुए धरसींवा विधानसभा की जनता से कांग्रेस प्रत्याशी छाया वर्मा को ज्यादा से ज्यादा मतों से विजयी बनाने हेतु अपील की।
